हिंदी
रक्षाबंधन पर योगी सरकार का बड़ा तोहफा (Img- Pinterest)
Lucknow: रक्षाबंधन के पावन अवसर पर महिलाओं और बहनों के लिए सरकार की ओर से बड़ी खुशखबरी आई है। इस बार रक्षाबंधन पर बहनों को न केवल बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलेगी, बल्कि उनके साथ यात्रा करने वाले एक सहयात्री (चाहे वह पुरुष ही क्यों न हो) को भी कोई किराया नहीं देना होगा। आगरा-मथुरा सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एएमसीटीएसएल) समेत पूरे प्रदेश में शासन के निर्देश पर इसकी पूरी तैयारी कर ली गई है।
बसों में मुफ्त यात्रा की यह विशेष सुविधा बृहस्पतिवार सुबह 6:00 बजे से शुरू होकर 29 अगस्त की रात 12:00 बजे तक लागू रहेगी। यानी महिलाओं और उनके एक सहयात्री को पूरे 66 घंटे तक मुफ्त सफर का लाभ मिलेगा।
इलेक्ट्रिक बस डिपो के एआरएम सतेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, इस दौरान यात्रियों को टिकटिंग मशीनों से शून्य (0 रुपये) मूल्य की वैधानिक रसीद दी जाएगी। यह सुविधा नगरीय ई-बसों और रोडवेज की बसों दोनों में उपलब्ध रहेगी।
रक्षाबंधन के इस मौके पर 'लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा योजना' का भी भव्य शुभारंभ किया गया है। इस योजना के तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाओं को उत्तर प्रदेश परिवहन निगम (रोडवेज) और सिटी बसों में जिंदगी भर मुफ्त यात्रा की सौगात दी गई है। इस आजीवन मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को बस में अपना पहचान पत्र (जैसे मतदाता पहचान पत्र या अन्य सरकारी आईडी) दिखाना अनिवार्य होगा।
कैबिनेट मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल और उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने इस कदम को महिला सम्मान और संवेदनशीलता की बड़ी मिसाल बताया। मंत्रियों का कहना है कि इससे त्योहार के दौरान महिलाओं को अपने मायके, ससुराल या रिश्तेदारों के घर आने-जाने में न केवल आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि यात्रा भी सुगम बनेगी।
Location : Lucknow
Published : 27 August 2026, 10:19 AM IST