हिंदी
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में महिलाओं को फ्री बस यात्रा (Image: Social Media)
Noida News: रक्षाबंधन के त्योहार पर उत्तर प्रदेश सरकार ने महिलाओं को बड़ी राहत दी है। बड़ी बात यह है कि महिलाओं के साथ उनको भी फायदा मिलेगा, जो उनके साथ बस में सफर करेंगे। चाहे फिर वो बच्चा हो या फिर युवक। इसके अलावा त्योहार पर मायके जाने वाली महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की सुविधा शुरू की जा रही है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में चलने वाली 100 ई-बसों में महिलाएं बिना किराया दिए सफर कर सकेंगी। खास बात यह है कि महिला यात्री के साथ जाने वाला एक सहयात्री भी मुफ्त यात्रा कर पाएगा।
नोएडा प्राधिकरण के सीईओ कृष्णा करुणेश ने बताया कि ई-बसों में महिलाओं के लिए यह सुविधा 27 अगस्त की सुबह 6 बजे से शुरू होगी और 29 अगस्त की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। इस दौरान महिला यात्रियों से कोई किराया नहीं लिया जाएगा। अगर महिला के साथ परिवार का कोई सदस्य या अन्य सहयात्री सफर कर रहा है तो उसे भी मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने मायके और रिश्तेदारों के घर पहुंचती हैं। ऐसे में आने-जाने का खर्च कई परिवारों के लिए चिंता का कारण बन जाता है। सरकार और प्राधिकरण की इस पहल से महिलाओं को आर्थिक राहत मिलेगी। साथ ही एक सहयात्री के मुफ्त सफर की सुविधा मिलने से महिलाओं के लिए परिवार के किसी सदस्य के साथ यात्रा करना भी आसान होगा।
नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में यूपीआईएसआरटीसी के माध्यम से करीब 100 ई-बसों का संचालन किया जा रहा है। ये बसें शहर के अलग-अलग इलाकों और प्रमुख रूटों पर यात्रियों को सुविधा दे रही हैं। रक्षाबंधन के दौरान इन सभी ई-बसों में सफर करने वाली महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ मिलेगा।
Location : Noida
Published : 26 August 2026, 8:25 PM IST