
157 बसें रहेंगी तैयार (Source: Dynamite News)
Sultanpur (Raksha Bandhan 2026): रक्षाबंधन पर बहनों को अपने भाइयों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने खास तैयारी की है। सुल्तानपुर डिपो को छह दिनों के लिए हाई अलर्ट पर रखा गया है। 26 से 31 अगस्त तक डिपो की 157 बसें सड़कों पर दौड़ेंगी। यात्रियों की भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त बसें लगाने के साथ प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे भी बढ़ाए जाएंगे।
सुल्तानपुर डिपो में निगम की 95 और अनुबंधित 62 बसें हैं। रक्षाबंधन को देखते हुए सभी बसों को तकनीकी रूप से फिट रखने के लिए जांच कराई जा रही है। जिन बसों में खराबी मिली है, उन्हें अमहट स्थित कार्यशाला में दुरुस्त किया जा रहा है।
लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, प्रयागराज, आजमगढ़ और वाराणसी जैसे प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त संचालन की तैयारी की गई है।
रक्षाबंधन पर महिलाओं को यूपी रोडवेज की बसों में तीन दिन निशुल्क यात्रा की सुविधा मिलेगी। यह सुविधा 27 अगस्त सुबह 6 बजे से 29 अगस्त रात 12 बजे तक लागू रहेगी।
इस दौरान महिलाएं निर्धारित अवधि में उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में बिना किराये यात्रा कर सकेंगी। हालांकि, यात्रियों की सुविधा के लिए विशेष बस संचालन 26 से 31 अगस्त तक जारी रहेगा।
स्टेशन इंचार्ज नन्हूराम सरोज ने बताया कि रक्षाबंधन से पहले और त्योहार के बाद दिल्ली और कानपुर जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। यात्रियों की मांग के अनुसार बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बसें भी संचालित की जाएंगी।
रक्षाबंधन के दौरान अधिक बस संचालन करने वाले चालक-परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। एआरएम सुरेश चंद्र यादव के अनुसार, 26 से 31 अगस्त के बीच छह दिनों में 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले चालक-परिचालकों को 1200 रुपये प्रोत्साहन राशि मिलेगी।
वहीं, संविदा चालक-परिचालकों को 1800 किलोमीटर से अधिक संचालन करने पर प्रत्येक अतिरिक्त किलोमीटर के लिए 55 पैसे की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
डिपो और कार्यशाला के तकनीकी कर्मचारियों को भी विशेष ड्यूटी का लाभ मिलेगा। छहों दिन उपस्थित रहने वाले तकनीकी कर्मचारियों को 500 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी।
Rahul Gandhi के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले पुणे में बवाल, Youth Congress पर FIR
रक्षाबंधन के मद्देनजर अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। डिपो प्रशासन का पूरा फोकस बसों के संचालन, यात्रियों की भीड़ और तकनीकी व्यवस्था पर रहेगा। परिवहन निगम की इस विशेष व्यवस्था से रक्षाबंधन पर यात्रा करने वाली महिलाओं और अन्य यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
Location : Sultanpur
Published : 22 August 2026, 11:37 AM IST
Topics : Raksha Bandhan 2026 sultanpur news UP Roadways