
कार्रवाई के दौरान बवाल
Chandauli : चकिया क्षेत्र में वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई उस समय भारी हंगामे में बदल गई जब आरक्षित वन भूमि पर चल रहे अवैध खनन को रोकने पहुंची टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। जेसीबी और ट्रैक्टर को पकड़ने की कार्रवाई के दौरान हालात इतने बिगड़ गए कि पूरा इलाका रणभूमि जैसा बन गया और प्रशासन को पीछे हटने जैसी स्थिति का सामना करना पड़ा।
मामला चकिया कोतवाली क्षेत्र के गायघाट-भगड़ा गांव और चंद्रप्रभा रेंज के शिकारगंज सेक्शन स्थित अमरा बीट का बताया जा रहा है। सूचना मिली थी कि आरक्षित वन भूमि पर जेसीबी मशीन से अवैध रूप से मिट्टी की खुदाई की जा रही है। शिकायत मिलते ही क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश दुबे पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और कार्रवाई शुरू की।
मौके पर पहुंचकर संयुक्त टीम ने एक जेसीबी मशीन और एक ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया। लेकिन जैसे ही कार्रवाई शुरू हुई, बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिला और पुरुष वहां इकट्ठा हो गए। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने टीम का विरोध शुरू कर दिया।
चंदौली में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस मुठभेड़, जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल; पढे़ं पूरी खबर
स्थिति तब और बिगड़ गई जब ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस की पकड़ से जेसीबी और ट्रैक्टर को छुड़ा लिया। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासनिक टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हालात काबू से बाहर होते देख चकिया सर्किल और बबुरी थाने की अतिरिक्त पुलिस फोर्स और सीओ भी मौके पर पहुंच गए।
पूरे घटनाक्रम के दौरान अवैध खनन माफिया और ग्रामीणों की भीड़ के आगे वन विभाग और पुलिस प्रशासन दबाव में नजर आया। मौके पर तनाव इतना बढ़ गया कि स्थिति को नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश दुबे ने बताया कि शिकायत मिली थी कि हमारे वन क्षेत्र में अवैध खनन हो रहा है। पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचकर जेसीबी और एक ट्रैक्टर को पकड़ लिया गया था, लेकिन एक ट्रैक्टर वहां से भाग गया। बाद में उसे रास्ते में पकड़कर लाया गया। तभी महेंद्र नाथ और उनकी टीम वहां पहुंची और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न करते हुए बातचीत करने लगे। इसके बाद जबरदस्ती भीड़ इकट्ठा कर महिलाओं को बुलाया गया और पुलिस फोर्स की मौजूदगी के बावजूद हमारी गाड़ी छुड़ा ली गई। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Location : Chandauli
Published : 10 May 2026, 12:55 AM IST