बाराबंकी प्रसाशन सख्त: चार केंद्रों पर छापा, एक का लाइसेंस निलंबित और 2 को नोटिस जारी, जानें पूरा मामला

मेसर्स संजय खाद भंडार और वर्मा ट्रेडिंग कंपनी के रिकॉर्ड जांच में अपूर्ण पाए गए। इन दोनों केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 5 July 2025, 6:40 PM IST

Barabanki News: खरीफ फसलों की बुवाई के इस अहम मौसम में किसानों को उर्वरक की उपलब्धता और उसकी निर्धारित दर पर बिक्री सुनिश्चित कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। उप-जिलाधिकारी सिरौलीगौसपुर और भूमि संरक्षण अधिकारी कुर्सी के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने तहसील क्षेत्र में स्थित चार उर्वरक विक्रय केंद्रों पर औचक निरीक्षण किया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर एक उर्वरक विक्रेता का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। जबकि दो अन्य विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र के उर्वरक व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।

ये रही निरीक्षण की पूरी रिपोर्ट

मेसर्स संजय खाद भंडार और वर्मा ट्रेडिंग कंपनी के रिकॉर्ड जांच में अपूर्ण पाए गए। इन दोनों केंद्रों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि क्यों न उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। शिव फर्टिलाइजर्स में स्थिति और भी गंभीर थी। वहां पीओएस मशीन काम नहीं कर रही थी। साथ ही बिक्री और स्टॉक रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं कराया जा सका। इन गंभीर लापरवाहियों को देखते हुए उनका उर्वरक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। मौर्या खाद भंडार की भी जांच की गई। हालांकि, वहां से किसी बड़ी अनियमितता की सूचना नहीं है।

क्या बोले अधिकारी?

जिला कृषि अधिकारी राजित राम ने बताया कि पूरे जिले में उर्वरक वितरण व्यवस्था को सुचारु और पारदर्शी बनाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इसके लिए सहायक आयुक्त, सहकारिता अधिकारी, पीसीएफ और इफको के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक भी की गई है। उन्होंने बताया कि जिन समितियों में 5 मीट्रिक टन से कम उर्वरक स्टॉक है, वहां तुरंत आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दे दिया गया है।

डीएम के निर्देश पर सख्त कार्रवाई

जिलाधिकारी के आदेश पर जिले की सभी उर्वरक बिक्री समितियों के लिए रोस्टर तैयार कर दिया गया है। सभी समिति सचिवों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित दिन पर ही उर्वरक का वितरण करें। इसकी जानकारी समिति परिसर में स्पष्ट रूप से चस्पा करें। जिससे किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Location :  Barabanki

Published :  5 July 2025, 6:40 PM IST