Site icon Hindi Dynamite News

राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान रक्षक दिवस’ के रूप में मनाया

महराजगंज में नेता विपक्ष राहुल गांधी का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। पढिये डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट
Post Published By: Rohit Goyal
Published:
राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘संविधान रक्षक दिवस’ के रूप में मनाया

महराजगंज: जिला कांग्रेस कार्यालय, में बृहस्पतिवार को कांग्रेस के नेता और देश के प्रमुख विपक्षी चेहरों में शुमार राहुल गांधी का 55वां जन्मदिन “संविधान रक्षक दिवस” के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह एडवोकेट ने की, जबकि संचालन आनंदनगर नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष जयप्रकाश लाल द्वारा किया गया।

इस विशेष अवसर पर पूर्व सांसद जितेन्द्र सिंह और फरेंदा विधानसभा क्षेत्र के लोकप्रिय कांग्रेस विधायक वीरेंद्र चौधरी ने केक काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के स्वस्थ, दीर्घायु और सशक्त नेतृत्व की कामना की।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार पूर्व सांसद जितेंद्र सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि राहुल गांधी आज न केवल भारत में, बल्कि पूरी दुनिया में अपनी नीतियों और दूरदर्शी सोच के लिए चर्चा का विषय बने हुए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि अगर कांग्रेस को फिर से सत्ता में लाना है, तो उसे बूथ स्तर तक मजबूत करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होंगे तो संगठन मजबूत होगा और परिवर्तन संभव होगा।

विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि 2027 में उत्तर प्रदेश में बदलाव तय है। कांग्रेस पार्टी यदि हर बूथ पर मजबूती से खड़ी हो जाए तो निश्चित रूप से आने वाला समय कांग्रेस का होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निरंतर जनसंपर्क करते हुए जनता के बीच जाएं और कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर पहुंचाएं।

जिला अध्यक्ष विजय सिंह ने लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हार का कारण कमजोर बूथ प्रबंधन को बताया और कहा कि अब समय आ गया है कि कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट होकर हर स्तर पर संगठन को मजबूत करें। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब भाजपा की तानाशाही से ऊब चुकी है और कांग्रेस को एकमात्र विकल्प के रूप में देख रही है।

प्रदेश उपाध्यक्ष आलोक प्रसाद ने कहा कि देश की आत्मा को बचाने की लड़ाई अब निर्णायक मोड़ पर है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि एक-एक साथी कांग्रेस का झंडा लेकर सड़क पर उतरे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करे।

इस अवसर पर झिनकू चौधरी, राम नारायण चौरसिया, हरिकेश पटेल, कपिल देव शुक्ला, विजय कान्त सिंह, गोपाल शाही, विधि नारायण वर्मा, विनोद सिंह, नूर आलम, जयंती मौर्य, गामा प्रसाद, पूर्णमासी यादव, आनंद कनौजिया, बख्शीश अली, शिव पूजन, अकील अहमद, संदीप तिवारी, दिनेश यादव और सभासद हरिलाल रही समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Exit mobile version