
मृतक की फाइल फोटो (Img: Dynamite News)
Raebareli: रायबरेली जिले के गदागंज थाना क्षेत्र के धमधमा गांव निवासी 19 वर्षीय युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। युवक किसी निजी कार्य से रायबरेली शहर गया था और बुधवार शाम अपने घर लौट रहा था। लेकिन घर पहुंचने से पहले ही उसकी जिंदगी का सफर हमेशा के लिए थम गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, धमधमा गांव निवासी जमशेद पुत्र इकबाल अंसारी (19) बुधवार शाम करीब चार बजे अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। जैसे ही वह जगतपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर मोड़ के पास पुल के नीचे पहुंचा, तभी तेज रफ्तार अज्ञात बस ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही जगतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जगतपुर पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई।
जगतपुर थाना प्रभारी वागेश मिश्रा ने बताया कि हादसे के बाद बस चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि बस और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अज्ञात वाहन का पता लगाकर उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।
युवक की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है और परिजन आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
Location : Raebareli
Published : 16 July 2026, 8:36 AM IST
Topics : jagatpur raebareli news Road Accident