
रायबरेली के स्कूल का हाल बेहाल
Raebareli: अमावां ब्लाक के लोधीपुर कम्पोजिट विद्यालय में बरसात के बाद पानी भरने से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को पढ़ाई बाधित हो गई है। स्कूल के इंचार्ज प्रधानाध्यापक अशोक त्रिपाठी का कहना है कि बीईओ ने ऐसे हालात में बच्चों को स्कूल में न पढ़ाने के आदेश दिए हैं। या फिर दूसरे स्कूल में शिफ्ट करने को कहा है। यहाँ कुल 112 बच्चे अध्ययनरत हैं।
वहीं कल गांव लोधीपुर गांव में आई बाढ़ के बाद फंसे परिवारों के कुल 30 लोगों को शेल्टर होम पहुंचाया गया। एसडीएम सदर गौतम सिंह की अगुवाई में हुए रेस्क्यू में ट्रैक्टर के जरिये लोगों को सुरक्षित स्थान भेजा गया। यहाँ लोगों के लिये खाने पीने के साथ रहने की भी व्यवस्था की गई। नहर का पानी ओवरफ्लो होने के कारण गाँव में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए थे।
महराजगंज तहसील क्षेत्र के मदनिया गांव में जलभराव की समस्या से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव के मुख्य रास्ते पर कमर तक पानी भर जाने से लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जलभराव की गंभीर समस्या के बावजूद अभी तक तहसील प्रशासन की ओर से कोई अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने नहीं आया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क पर पानी भर जाने से सबसे अधिक परेशानी बीमार और बुजुर्ग लोगों को होती है। आपात स्थिति में एंबुलेंस भी गांव तक नहीं पहुंच पाती, जिसके चलते मरीजों को चारपाई पर लादकर मुख्य मार्ग तक ले जाना पड़ता है। वहीं, जलभराव के कारण बच्चों को भी स्कूल जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों पर भी नाराजगी जताते हुए कहा कि नेता चुनाव के समय वोट मांगने गांव आते हैं, लेकिन ग्रामीणों की समस्याओं की सुध लेने के लिए समय पर कोई नहीं पहुंचता। ग्रामीणों का आरोप है कि बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक श्याम सुंदर भारती भी गांव के मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन जलभराव से परेशान ग्रामीणों का हाल-चाल लेने के लिए गांव में नहीं पहुंचे।
ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से तत्काल मौके पर पहुंचकर जलभराव की समस्या का समाधान कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते प्रशासन ने समस्या का संज्ञान नहीं लिया तो आने वाले दिनों में उनकी परेशानी और बढ़ सकती है।
Location : Raebareli
Published : 2 September 2026, 1:30 AM IST