
रायबरेली में गर्मी ने दिखाये तेवर
Raebareli: जिले में बढ़ती गर्मी और हीटवेव को देखते हुए जिलाधिकारी सरनीत कौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को विशेष तैयारियां सुनिश्चित करने के लिए कहा है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
उन्होंने अफसरों को गौशालाओं में पशुओं के लिए पानी और छाया की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। DM सरनीत कौर ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया है कि अस्पतालों में हीटवेव से निपटने के लिए दवाओं का पर्याप्त स्टॉक सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति के लिए बेड आरक्षित रखे जाएं और गंभीर मरीजों के लिए पट्टी (कोल्ड कंप्रेस) व अन्य उपचार की तत्काल व्यवस्था हो। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं अस्पतालों और व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण करेंगे।
रायबरेली में गर्मी का पारा चढ़ा
जिलाधिकारी ने दो टूक कहा कि बच्चों को धूप और लू से बचाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। अब स्कूल सुबह जल्दी खुलेंगे और दोपहर की भीषण तपिश शुरू होने से पहले ही बच्चों की छुट्टी कर दी जाएगी।
शहर से लेकर गांवों तक राहगीरों को राहत देने के लिए जगह-जगह प्याऊ (पानी की व्यवस्था) लगाने केनिर्देश दिए गए हैं। खास बात यह है कि डीएम मैडम खुद मैदान में उतरकर इसकी हकीकत परखेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह आज शाम से ही विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर यह देखेंगी कि प्याऊ सुचारू रूप से चल रहे हैं या नहीं।
डीएम ने जनता से की अपील
जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि दोपहर के समय बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलें और लू से बचाव के उपाय अपनाएं, जिससे किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके। उन्होंने सुझाव दिया कि अपने जरूरी काम सुबह या शाम के ठंडे घंटों में ही निपटाएं और खुद को हाइड्रेटेड रखें।
Location : Raebareli
Published : 23 April 2026, 6:19 PM IST
Topics : Raebareli Raebareli heatwave Raebareli police