
डीह थाना क्षेत्र (सोर्स- इंटरनेट)
Raebareli: यूपी के जनपद रायबरेली के डीह थाना क्षेत्र स्थित सिरसी गांव में बीते दिन जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में जबरदस्त मारपीट हो गई। यह विवाद पासी और मौर्या बिरादरी के बीच हुआ, जिसमें करीब दर्जनभर लोग घायल हो गए। बता दें कि मामले ने पूरे गांव में तनाव का माहौल बना दिया है।
ग्रामीणों के अनुसार, विवाद जिस जमीन की मेड (मेड़) को लेकर हुआ है, उस पर पहले से मुकदमा विचाराधीन है। बावजूद इसके दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ती चली गई और देखते ही देखते मामला मारपीट में तब्दील हो गया।
घायलों की सूची और स्थिति
मारपीट की घटना में प्रथम पक्ष से अशोक कुमार पासी (उम्र 50 साल), आशा देवी (उम्र 42 साल), बृजेश कुमार (उम्र 27 साल), उषा देवी, राजकली (उम्र 48 साल), राजकरन (उम्र 22 साल), और कुलदीप (उम्र 20 साल) को चोटें आई हैं। इनमें अशोक कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
वहीं, द्वितीय पक्ष की ओर से दुर्गा प्रसाद मौर्य (उम्र 22 साल), सोनी (उम्र 17 साल), रानी (उम्र 47 साल), और प्रिया (उम्र 20 साल) घायल हुए हैं। सभी घायलों को नजदीकी सीएचसी अस्पताल में भर्ती कराकर प्राथमिक चिकित्सा दी जा रही है। डॉक्टर्स के मुताबिक सभी की हालत स्थिर है।
थाना अध्यक्ष का बयान
डीह थाने के प्रभारी ने बताया कि यह मामला भूमि विवाद से जुड़ा हुआ है और दोनों पक्षों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से थाने में तहरीर नहीं दी गई है। तहरीर मिलने के बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो। ग्रामीणों का कहना है कि इस जमीन को लेकर पहले भी दोनों पक्षों में तनातनी रही है, लेकिन यह पहली बार है जब मामला खुलकर हिंसा में बदल गया।
न्याय की मांग
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं और निष्पक्ष जांच की मांग की है। गांव के कुछ बुजुर्गों ने इस विवाद को आपसी बातचीत से सुलझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन वह सफल नहीं हो सके।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। यह घटना रायबरेली जिले में जमीन विवादों की गंभीरता और कानून व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े करती है।
Location : Raebareli
Published : 22 July 2025, 3:30 PM IST
Topics : Pasi Maurya Conflict Raebareli Land Dispute Sirsi Village Clash UP Village Violence uttar pradesh