Prayagraj Murder Case: पुरानी रंजिश में सनसनीखेज वारदात, मुट्ठीगंज में हिस्ट्रीशीटर को गोलियों से भूना

प्रयागराज के मुट्ठीगंज में हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश में उसे घर से बुलाकर गली में गोली मारी गई। अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया, पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है और जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 May 2026, 1:15 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज के मुट्ठीगंज इलाके में बुधवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। 25 वर्षीय हिस्ट्रीशीटर सक्षम शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते दो लोगों ने उसे पहले घर से बुलाया और फिर गली में ले जाकर उस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

स्थानीय लोगों ने गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर घायल सक्षम को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत में उसे पहले एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि वहां उचित इलाज नहीं मिला। इसके बाद उसे बेली अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

इलाके में फैली दहशत, परिजनों में कोहराम

घटना के बाद पूरे मुट्ठीगंज इलाके में दहशत का माहौल है। देर रात हुई इस वारदात से स्थानीय लोग सहमे हुए हैं। वहीं, सक्षम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Prayagraj Fire: आलीशान होटल में उठी आग की ऐसी लपटें कि आसमान तक कांप उठा, अंदर फंसे लोगों की सांसें अटकी!

मृतक की मां ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पुराने विवाद को लेकर विमल और कमल ने सक्षम को घर से बुलाया और गली में ले जाकर गोली मार दी। परिजनों का कहना है कि मार्च महीने में भी सक्षम पर जानलेवा हमला हुआ था, जिसमें वह किसी तरह बच गया था।

पहले भी हो चुका था जानलेवा हमला

परिजनों के मुताबिक, सक्षम शर्मा पर पहले भी हमले हो चुके थे। मार्च महीने में उस पर जानलेवा हमला किया गया था। उस मामले में बृहस्पतिवार को बयान दर्ज होना था, लेकिन इससे पहले ही उसकी हत्या कर दी गई। परिजनों का आरोप है कि अगर पहले हुए हमले में सख्त कार्रवाई हुई होती, तो आज यह वारदात नहीं होती।

इसके अलावा पुलिस रिकॉर्ड में भी सक्षम शर्मा के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। कुछ महीने पहले हुई आगजनी की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। इस पृष्ठभूमि को देखते हुए पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है।

Prayagraj: सिविल लाइंस में थार का खतरनाक स्टंट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

पुलिस जांच में जुटी, एक आरोपी हिरासत में

घटना की सूचना मिलते ही मुट्ठीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

पुलिस ने बताया कि इस मामले में एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि वारदात में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुरानी रंजिश से जुड़ा मामला, सभी एंगल पर जांच

डीसीपी नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। अधिकारियों ने कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल इस सनसनीखेज हत्या ने पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Location :  Prayagraj

Published :  21 May 2026, 1:15 PM IST