Prayagraj: सिविल लाइंस में थार का खतरनाक स्टंट, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

प्रयागराज के सिविल लाइंस में थार चालक ने पुलिस चौकी के सामने खतरनाक स्टंट किया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। 54 कैमरों की मदद से पुलिस ने कार ट्रेस कर सीज कर दी। वायरल वीडियो ने सोशल मीडिया पर सनसनी फैला दी।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 20 April 2026, 12:35 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज के पॉश इलाके सिविल लाइंस में रविवार सुबह एक थार चालक का खतरनाक स्टंट सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। पुलिस चौकी के ठीक सामने हुई इस घटना का वीडियो सामने आते ही हड़कंप मच गया। वीडियो में दिख रहा है कि ब्लैक रंग की थार तेज रफ्तार में गोल-गोल घूम रही है और सड़क पर स्टंटबाजी कर रही है।

पुलिस चौकी के सामने बेखौफ स्टंट

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि थार चालक ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सड़क पर करीब पांच राउंड तक गाड़ी को सर्किल में घुमाता रहा। यह पूरा घटनाक्रम पुलिस चौकी के सामने हुआ, लेकिन चालक बेखौफ अंदाज में स्टंट करता रहा। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोगों ने पुलिस की सक्रियता पर सवाल भी उठाए।

कम ट्रैफिक फिर भी मचा डर

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह के समय की है जब ट्रैफिक कम था। लेकिन अचानक चौराहे पर थार के पहुंचते ही ड्राइवर ने तेज गति से गाड़ी को गोल-गोल घुमाना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

बड़ा हादसा टला

गनीमत रही कि इस खतरनाक स्टंट के दौरान कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। लेकिन वायरल वीडियो ने लोगों को चौंका दिया है, क्योंकि जिस तरह से गाड़ी चलाई गई, उससे किसी भी वक्त गंभीर दुर्घटना हो सकती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर ट्रैफिक अधिक होता तो बड़ा हादसा तय था।

नोएडा से प्रयागराज तक फैली मजदूर आंदोलन की आग! बारा प्लांट में काम ठप

54 कैमरों से ट्रेस हुई थार

घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी। थाना कर्नलगंज पुलिस ने सुभाष चौराहा से लेकर म्योर रोड तक लगे करीब 54 कैमरों की फुटेज खंगाली। इस दौरान वायरल वीडियो को भी अहम सबूत के रूप में इस्तेमाल किया गया और वाहन को ट्रेस कर लिया गया।

मालिक और चालक की पहचान

जांच में सामने आया कि यह थार कार कर्नलगंज के म्योर रोड स्थित द्वारिकापुरी कॉलोनी में रहने वाली महिला के नाम पर पंजीकृत है। उनके पति सुशील मिश्रा हैं। पुलिस के अनुसार, घटना के समय गाड़ी उनका बेटा राजशेखर मिश्रा चला रहा था। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने वाहन को सीज कर दिया है।

UP STF ने प्रयागराज से दबोचा 50 हजार का इनामी आरोपी, गोवध केस में चल रहा था फरार

वायरल वीडियो पर कार्रवाई तेज

थाना प्रभारी के अनुसार, वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई की गई है। वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया गया है और चालक के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि इस तरह के स्टंट करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Prayagraj

Published :  20 April 2026, 12:35 PM IST