हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Prayagraj: प्रयागराज के औद्योगिक थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। थाना क्षेत्र के मनैया गंगा घाट पर नहाने गए दो सगे भाइयों की गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, रामपुर चौकी अंतर्गत मुंगारी सल्दी का पूरा निवासी 16 वर्षीय राजन यादव और उसका छोटा भाई अभिषेक यादव मंगलवार सुबह अपने रिश्तेदार सनी यादव के साथ गंगा नदी में स्नान करने के लिए मनैया गांव स्थित गंगा घाट पर गए थे। सुबह करीब 9:30 बजे तीनों किशोर नदी में नहा रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे गहरे पानी में पहुंचकर डूबने लगे।
Prayagraj News: दिवाली के मौके पर युवकों के बीच मारपीट, दो लोग घायल; जानें क्यों हुआ बवाल
तीनों किशोरों को डूबता देख उनके ही घर का पंकज उन्हें बचाने के लिए नदी में कूद गया। हालांकि, वह भी पानी की तेज धारा और गहराई के कारण डूबने लगा। किसी तरह उसने खुद को संभाला और बाहर निकलने में सफल रहा। मौके पर मौजूद एक निषाद ने तत्परता दिखाते हुए सनी यादव को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
हादसे के दौरान राजन यादव और अभिषेक यादव नदी में डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों किशोरों की तलाश शुरू कराई। काफी प्रयास के बाद दोनों को नदी से बाहर निकाला गया।
Prayagraj News: सिद्धार्थ नाथ सिंह ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिये नियुक्ति पत्र
पुलिस दोनों किशोरों को तत्काल करछना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों भाइयों की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एक ही परिवार के दो सगे भाइयों की एक साथ मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण भी घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के लिए उनके घर पहुंच रहे हैं।
Location : Prayagraj
Published : 9 June 2026, 2:57 PM IST