प्रयागराज में कॉलेज चोरी का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार, 5 CPU समेत कंप्यूटर उपकरण बरामद

कॉलेज के कंप्यूटर उपकरण चोरी होने के मामले में प्रयागराज पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब इस मामले में आरोपी के अन्य साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 3 November 2026, 1:29 AM IST

Prayagraj: कॉलेज से कंप्यूटर उपकरण चोरी होने के मामले में मुठ्ठीगंज पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पांच CPU, दो कीबोर्ड, एक मॉनीटर और एक प्रिंटर बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पर अपने कुछ साथियों के साथ गऊघाट स्थित ECC महाविद्यालय से कंप्यूटर उपकरण और अन्य सामान चोरी करने का आरोप है।

गिरफ्तार युवक की पहचान अमन बंसल उर्फ पोलर के रूप में हुई है।

मुखबिर की सूचना पर गऊघाट से गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार, 1 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर मुठ्ठीगंज पुलिस ने गऊघाट बस्ती में कार्रवाई की। इस दौरान अमन बंसल उर्फ पोलर को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की उम्र करीब 22 वर्ष बताई गई है। वह गऊघाट स्थित मकान संख्या 722 का निवासी है।

इस मामले में ECC कैंपस, गऊघाट निवासी राजकुमार मैसी पुत्र बलबीर कुमार ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि अमन बंसल ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर ECC महाविद्यालय से कंप्यूटर उपकरण और अन्य सामान चोरी किया है।

चोरी का सामान बरामद

गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने कुल पांच CPU बरामद किए हैं। इनमें एक सुपरकॉम, एक इंटेक्स, दो कम्पैक और एक इंटेल कंपनी का CPU शामिल है। इसके अलावा एक डेल और एक HP कंपनी का कीबोर्ड, एक HP मॉनीटर तथा एक इप्शन कंपनी का प्रिंटर भी बरामद किया गया है।

प्रयागराज में मासूम की मौत का खुलासा, इकलौते बेटे की हत्या के आरोप में मां गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई 

पुलिस ने बरामद सामान को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में थाना मुठ्ठीगंज में मुकदमा अपराध संख्या 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(ए) और 317(2) में अभियोग दर्ज किया गया है।

जमीन के अंदर गाड़े गए थे नोटों से भरे 3 ड्रम, प्रयागराज में पुलिस के छापे से हुआ बड़ा खुलासा

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनोज कुमार सिंह, चौकी प्रभारी गऊघाट ऋषभ कुमार सहित उपनिरीक्षक निर्मल शर्मा, करुणेश कुमार त्रिपाठी और पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Location :  Prayagraj

Published :  3 November 2026, 1:26 AM IST