प्रतापगढ़ में ट्रेन के आगे लेटी महिला, गंभीर हालत में प्रयागराज रेफर; ससुराल में उत्पीड़न का आरोप

प्रतापगढ़ के चिलबिला जंक्शन पर बुधवार को एक महिला ने ट्रेन के सामने लेटकर खुदकुशी का प्रयास किया। ट्रेन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरपीएफ की टीम ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां से चिकित्सकों ने प्रयागराज रेफर कर दिया। परिजनों ने ससुराल में उत्पीड़न और पारिवारिक अनबन की बात बताई है।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 11 November 2026, 8:34 PM IST

Pratapgarh: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में पारिवारिक कलह और ससुराल में कथित उत्पीड़न से परेशान एक महिला ने बुधवार को चिलबिला जंक्शन पर ट्रेन के सामने लेटकर खुदकुशी का प्रयास किया। इस दौरान ट्रेन की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। मौके पर पहुंची रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम ने उसे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, वाराणसी जा रही जनता एक्सप्रेस बुधवार को चिलबिला जंक्शन के पास पहुंच रही थी। इसी दौरान लोको पायलट की नजर रेलवे ट्रैक पर लेटी एक महिला पर पड़ी। स्थिति को देखते हुए चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक महिला इंजन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ इंस्पेक्टर मनोज कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने महिला को रेलवे ट्रैक से बाहर निकाला और एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए प्रयागराज रेफर कर दिया।

पहले पति की मौत के बाद देवर से हुई थी शादी

पुलिस की जांच में घायल महिला की पहचान लीलापुर थाना क्षेत्र के रानीसराय निवासी बबीता सिंह के रूप में हुई है। उनका मायका बिहारगंज में है। जिला अस्पताल पहुंचे बबीता के चचेरे भाई राजकुमार सिंह ने उनके पारिवारिक जीवन से जुड़ी जानकारी दी। राजकुमार सिंह के मुताबिक, बबीता के पहले पति शिव कुमार की करीब 15 वर्ष पूर्व सड़क हादसे में मौत हो गई थी। उनका 14 वर्षीय बेटा शनि भी है, जो घटना के समय घर पर ही था।

Taj Mahal Security Breach: ताजमहल के एंटी-ड्रोन वाच टावर तक पहुंचे विदेशी पर्यटक, सुरक्षा में लापरवाही की जांच शुरू

राजकुमार सिंह ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद बबीता को काफी धनराशि मिली थी। इसके बाद परिजनों ने उनकी दूसरी शादी उनके देवर से करा दी थी। आरोप है कि कुछ समय बाद देवर ने भी दूसरी शादी कर ली। इसके बाद से ही ससुराल में बबीता के साथ कथित उत्पीड़न और अनबन शुरू हो गई थी।

परिजनों के मुताबिक, ससुराल में चल रही पारिवारिक अनबन और उत्पीड़न से बबीता परेशान थीं। इसी पारिवारिक परिस्थितियों के बीच बुधवार को उन्होंने चिलबिला जंक्शन पर ट्रेन के सामने लेटकर खुदकुशी का प्रयास किया।

मुंबई में रह रहे भाई ने दी परिजनों को सूचना

घटना की जानकारी मुंबई में रहने वाले बबीता के सगे भाई को मिली। इसके बाद उसने स्थानीय परिजनों को घटना की सूचना दी। खबर मिलते ही मायके और ससुराल पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां महिला की गंभीर हालत को देखते हुए परिजन भी चिंतित नजर आए।

छठ पूजा को लेकर सीताकुंड घाट पर पुलिस की तैयारी, एसपी ने किया निरीक्षण

मामले को लेकर अधिकारियों ने बताया कि महिला खुदकुशी के इरादे से चिलबिला जंक्शन पर ट्रेन के आगे लेटी थी। लोको पायलट की सतर्कता और समय पर इमरजेंसी ब्रेक लगाने से उसकी जान बच गई। घायल महिला को पहले जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से चिकित्सकों ने उसे प्रयागराज रेफर कर दिया।

Location :  Pratapgarh

Published :  11 November 2026, 8:34 PM IST