
परिवहन निगम के इस कड़े कदम से मचा हड़कंप (Img: Dynamite News)
Pratapgarh: परिवहन निगम की बसों में मुफ्त यात्रा का लाभ उठाने के लिए फर्जी दिव्यांग कार्डों के बढ़ते इस्तेमाल पर निगम प्रशासन ने पूरी तरह रोक लगा दी है। अब कोई भी व्यक्ति फर्जी दिव्यांग बनकर बसों में मुफ्त सफर नहीं कर सकेगा। फर्जीवाड़े की लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए परिवहन निगम प्रशासन ने एक बेहद सख्त और तकनीकी कदम उठाया है।
निगम प्रशासन की ओर से जारी नए निर्देशों के तहत, अब बसों में सफर करने वाले दिव्यांगजनों के यूडीआईडी (UDID) कार्ड में लगे बार कोड को इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीन (ETM) से स्कैन करना अनिवार्य कर दिया गया है। बिना बार कोड स्कैन किए किसी भी यात्री को मुफ्त सफर की अनुमति नहीं मिलेगी।
निगम ने इस व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और सख्त बनाने के लिए परिचालकों (कंडक्टर्स) की जवाबदेही भी तय कर दी है। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि यदि कोई परिचालक बिना बार कोड स्कैन किए या बिना टिकट के यात्रा कराते हुए पकड़ा गया, तो संबंधित परिचालक के खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। परिवहन निगम के इस अचानक उठाए गए कदम से फर्जी कार्ड धारकों में हड़कंप मच गया है।
यह भी पढ़ें - Pratapgarh: नन्ही जान ने जैसे ही दुनिया में ली पहली सांस, बुझ गई मां की आंखें; बिना ममता के रह गई नवजात
प्रतापगढ़ डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक (ARM) जयकरन ने बताया कि लखनऊ, फैजाबाद और प्रयागराज रूटों के बीच संचालित होने वाली निगम की बसों में फर्जी दिव्यांग कार्ड लेकर यात्रा करने के सबसे अधिक मामले सामने आ रहे थे। इसकी लगातार मिल रही शिकायतों से परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक (MD) को अवगत कराया गया था। मुख्यालय स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद अब ईटीएम मशीन से ही कार्ड को स्कैन करने का यह सख्त निर्देश जारी किया गया है।
यह भी पढ़ें - Pratapgarh: धान के खेत में पड़ा मिला रहस्यमयी ड्रोन, किसान की नजर पड़ी तो मच गया हड़कंप; जांच में जुटी पुलिस
एआरएम ने बताया कि नई व्यवस्था बेहद सरल और सटीक है। स्कैनिंग के दौरान यदि कार्ड असली और पात्र दिव्यांग व्यक्ति का होगा, तो ईटीएम मशीन बार कोड रीड करते ही शून्य (0) रुपये का टिकट जारी कर देगी। इसके विपरीत, यदि बार कोड स्कैन नहीं होता है या मशीन उसे रिजेक्ट कर देती है, तो उस कार्ड को तत्काल फर्जी मान लिया जाएगा। ऐसे यात्रियों को मुफ्त यात्रा की अनुमति नहीं दी जाएगी और उनसे सामान्य यात्रियों की तरह पूरा किराया वसूला जाएगा।
Location : Pratapgarh
Published : 27 September 2026, 1:06 PM IST