
प्रतापगढ़ में दर्दनाक घटना
Pratapgarh: जिले के पट्टी कोतवाली इलाके के बेला गांव में शनिवार को एक दिल दहला देने वाला दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां बाथरूम में नहाते समय 34 वर्षीय एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक मौत हो गई। इस दुखद घटना के बाद से पूरे गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है और पीड़ित परिवार में कोहराम मचा है।
जानकारी के मुताबिक, बेला गांव निवासी अजय कुमार मौर्या की 34 वर्षीय पत्नी अंजू मौर्या शनिवार देर शाम बाथरूम में नहाने गई थीं। बताया जा रहा है कि नहाते समय वह अचानक बेहोश होकर फर्श पर गिर पड़ीं। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आईं, तो परिजनों को चिंता हुई।
अनहोनी की आशंका होने पर परिजन आनन-फानन में उन्हें लेकर नजदीकी चिकित्सक के पास पहुंचे। हालांकि, तब तक काफी देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद अंजू को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पति अजय कुमार मौर्या रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब में रहते हैं। घर पर पत्नी की अचानक मौत की खबर मिलते ही उन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वह तत्काल फ्लाइट पकड़कर वतन के लिए रवाना हो गए हैं। उनके रविवार सुबह तक पैतृक गांव बेला पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
इस हृदयविदारक घटना ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। मृतका अपने पीछे दो मासूम बेटियां, 11 वर्षीय अंशिका और 8 वर्षीय आराध्या को छोड़ गई हैं, जिनका रो-रोकर बुरा हाल है। मां के अचानक चले जाने से दोनों बच्चियां पूरी तरह सदमे में हैं।
फिलहाल अंजू का शव परिजनों ने घर के दरवाजे पर रखा हुआ है और पति के लौटने का इंतजार किया जा रहा है। पड़ोसियों और ग्रामीणों के मुताबिक, अजय के घर पहुंचने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम कराने या सीधे अंतिम संस्कार करने के संबंध में कोई अंतिम फैसला लिया जाएगा।
इस हादसे के बाद से बेला गांव के हर घर में चूल्हा नहीं जला है और हर कोई पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने में जुटा है।
Location : Pratapgarh
Published : 4 October 2026, 6:39 AM IST