बस एक पल में भरभराकर गिरा घर… प्रतापगढ़ में बारिश ने छीनी महिला की जान, गांव में पसरा मातम

प्रतापगढ़ के मानिकपुर में शनिवार रात बारिश के बीच ऐसा हादसा हुआ, जिसने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया। कच्चे मकान में सो रही 48 वर्षीय महिला को शायद अंदाजा भी नहीं था कि अगले कुछ पल इतने भारी पड़ने वाले हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 September 2026, 11:17 AM IST

Pratapgarh: प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात लगातार हो रही बारिश के बीच एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के वक्त घर के अंदर 48 वर्षीय शकुंती देवी अकेली सो रही थीं। मकान के मलबे में दबने से उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

रात करीब 9 बजे हुआ हादसा

हादसा लाटतारा चकोलिया गांव में शनिवार रात करीब 9 बजे हुआ। बताया गया कि शकुंती देवी अपने कच्चे मकान में सो रही थीं। इसी दौरान बारिश के बीच अचानक मकान ढह गया। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर महिला को बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

ये भी पढ़ें- अमरोहा सीट पर नया ट्विस्ट! क्या शमी का विकेट लेंगी हसीन जहां? टिकट के लिए कौन दल होगा मेहरबान

घर में अकेली थीं शकुंती देवी

परिजनों के मुताबिक, हादसे के समय शकुंती देवी घर में अकेली थीं। उनकी बेटी रूपा देवी की शादी हो चुकी है, जबकि करीब 15 वर्षीय बेटा आकाश सरोज चंडीगढ़ में रहता है। उनके पति श्रीराम सरोज मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए गए हैं और घटना के समय नूरपुर स्थित अपने ननिहाल में थे। ऐसे में बारिश भरी उस रात घर में शकुंती देवी अकेली थीं।

दो दिनों से हो रही थी लगातार बारिश

स्थानीय लोगों के मुताबिक, इलाके में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश हो रही थी। इसी दौरान कच्चा मकान बारिश का दबाव नहीं झेल सका और अचानक ढह गया। हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है और परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें- Balrampur Rain News: रातभर बरसा आसमान, सुबह दिखा तबाही का मंजर; अब राप्ती नदी ने बढ़ाई टेंशन

घटना की सूचना मिलने के बाद मानिकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। 

Location :  Pratapgarh

Published :  27 September 2026, 11:17 AM IST