प्रतापगढ़ में अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा, तीन प्रमुख मांगों को लेकर न्यायालय में जड़ा ताला

प्रतापगढ़ में न्यायालयों के स्थानांतरण और विभिन्न प्रशासनिक फैसलों के विरोध में अधिवक्ताओं ने कचहरी में तालाबंदी कर न्यायिक कामकाज का बहिष्कार किया। दीवानी न्यायालय गेट पर आमसभा के दौरान अधिवक्ताओं ने न्यायिक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए। आंदोलन के चलते दिनभर न्यायिक कार्य ठप रहा और वादकारियों को बिना सुनवाई के वापस लौटना पड़ा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 3:24 PM IST

Pratapgarh News: न्यायालयों के स्थानांतरण और प्रशासनिक फैसलों को लेकर प्रतापगढ़ में अधिवक्ताओं का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। बुधवार को जिला मुख्यालय की कचहरी में अधिवक्ताओं ने तालाबंदी कर न्यायिक कामकाज का पूर्ण बहिष्कार किया। दीवानी न्यायालय के गेट पर आमसभा कर अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान न्यायिक अधिकारियों पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप भी लगाए गए। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। वहीं, तालाबंदी के चलते दूर-दराज से आए वादकारियों को बिना सुनवाई के ही वापस लौटना पड़ा।

इन तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे अधिवक्ता

दरअसल, अधिवक्ता न्यायालयों से जुड़े कई प्रशासनिक फैसलों का विरोध कर रहे हैं। इनमें पांच थानों से संबंधित पत्रावलियों को लालगंज आउटलाइन कोर्ट में स्थानांतरित करने का फैसला प्रमुख है। अधिवक्ताओं ने इस निर्णय को रद्द करने की मांग की है।

प्रतापगढ़ में अधिवक्ताओं का फूटा गुस्सा (IMG: Dynamite News)

इसके अलावा प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय को दीवानी न्यायालय परिसर से अन्यत्र स्थानांतरित करने के निर्णय का भी विरोध किया जा रहा है। अधिवक्ताओं की तीसरी प्रमुख मांग मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (एमएसीटी) न्यायालय को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थानांतरित करने के आदेश पर रोक लगाने की है।

अधिवक्ताओं का कहना है कि इन फैसलों से न केवल वकीलों बल्कि दूर-दराज के इलाकों से न्यायालय आने वाले वादकारियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

न्यायिक अधिकारियों पर लगाए भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप

दीवानी न्यायालय गेट के सामने आयोजित आमसभा में अधिवक्ताओं ने प्रशासनिक फैसलों को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका आरोप है कि अधिवक्ताओं से राय लिए बिना लगातार ऐसे निर्णय लिए जा रहे हैं, जिनसे उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं।

आमसभा के दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए कहा कि वे कमजोर नहीं हैं। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने न्यायिक अधिकारियों पर राजनीति का शिकार होने और खुलेआम भ्रष्टाचार करने के गंभीर आरोप भी लगाए।

अधिवक्ताओं ने स्पष्ट किया कि इस तरह की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब तक उनकी लंबित मांगों पर ठोस कार्रवाई नहीं होती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। हालांकि, इन आरोपों पर संबंधित न्यायिक अधिकारियों का पक्ष उपलब्ध नहीं है।

न्यायिक कामकाज ठप, परेशान होकर लौटे वादकारी

विरोध प्रदर्शन में जूनियर बार एसोसिएशन (पुरातन) के अध्यक्ष करुणाशंकर मिश्र, महामंत्री कौशलेश त्रिपाठी, रोहित शुक्ला, अनिल पांडेय, दीपक मिश्र, प्रभात कुमार मिश्रा और राजेंद्र मिश्र समेत बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता शामिल रहे।

कचहरी परिसर में तालाबंदी और न्यायिक कार्यों के बहिष्कार के चलते दिनभर कामकाज ठप रहा। अपने मुकदमों की सुनवाई के लिए पहुंचे वादकारियों को निराश होकर लौटना पड़ा। ऐसे में अब देखना होगा कि अधिवक्ताओं की मांगों को लेकर संबंधित अधिकारी क्या निर्णय लेते हैं।

 

Location :  Pratapgarh

Published :  25 November 2026, 3:24 PM IST