मिर्जापुर में तेज प्रताप यादव ने खोले राजनीतिक पत्ते, यूपी गठबंधन पर भी बोले

बिहार के नेता तेज प्रताप यादव मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे। जहां पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में महंगाई, गठबंधन, यूपी राजनीति और खेसारी लाल यादव को लेकर खुलकर बयान दिए। उनके बयानों के बाद सियासी चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 24 May 2026, 11:58 PM IST

Mirzapur : बिहार की राजनीति में अपने अलग अंदाज और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप यादव अब यूपी की राजनीति को लेकर भी चर्चा में आ गए हैं। रविवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे तेज प्रताप यादव ने पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ऐसे बयान दिए, जिनसे बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। खासतौर पर योगी आदित्यनाथ और संभावित गठबंधन को लेकर दिए गए उनके बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।

मां विंध्यवासिनी धाम में किया दर्शन पूजन

तेज प्रताप यादव रविवार को मिर्जापुर पहुंचे। जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दर्शन के बाद मीडिया ने जब उनसे राजनीति से जुड़े सवाल पूछे तो उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।

“काकरोच पार्टी नहीं, युवाओं को समर्थन”

मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव से काकरोच पार्टी को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि किसी पार्टी को नहीं बल्कि युवाओं को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वह युवाओं की सोच और उनके मुद्दों के साथ खड़े हैं। उनके इस बयान को लेकर अब अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।

महंगाई पर केंद्र सरकार को घेरा

तेज प्रताप यादव ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही कीमतों से आम जनता परेशान है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान महंगा होता जा रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने चाहिए।

गठबंधन और योगी पर बड़ा बयान

भाजपा के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि अगर मां की कृपा रही तो गठबंधन जरूर होगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि यह गठबंधन किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में हो सकता है।

मिर्जापुर में भीषण गर्मी, बिजली-पानी संकट और महंगाई के खिलाफ सपा का जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

वहीं उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बड़ा बयान देते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ हैट्रिक मारेंगे और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।

खेसारी लाल यादव पर भी बोले

भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात पर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और राजनीतिक फैसला है। उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि वो और उनकी पार्टी जाने क्या करेंगे।

Location :  Mirzapur

Published :  24 May 2026, 11:58 PM IST