हिंदी
तेज प्रताप यादव
Mirzapur : बिहार की राजनीति में अपने अलग अंदाज और बेबाक बयानों के लिए पहचाने जाने वाले तेज प्रताप यादव अब यूपी की राजनीति को लेकर भी चर्चा में आ गए हैं। रविवार को विश्व प्रसिद्ध मां विंध्यवासिनी धाम पहुंचे तेज प्रताप यादव ने पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से खुलकर बातचीत की। इस दौरान उन्होंने ऐसे बयान दिए, जिनसे बिहार से लेकर उत्तर प्रदेश तक सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया। खासतौर पर योगी आदित्यनाथ और संभावित गठबंधन को लेकर दिए गए उनके बयान ने राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।
तेज प्रताप यादव रविवार को मिर्जापुर पहुंचे। जहां उन्होंने मां विंध्यवासिनी के दरबार में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश व देश की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में उनके पहुंचते ही समर्थकों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। दर्शन के बाद मीडिया ने जब उनसे राजनीति से जुड़े सवाल पूछे तो उन्होंने कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी।
मीडिया से बातचीत के दौरान तेज प्रताप यादव से काकरोच पार्टी को लेकर सवाल पूछा गया। इस पर उन्होंने कहा कि किसी पार्टी को नहीं बल्कि युवाओं को समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वह युवाओं की सोच और उनके मुद्दों के साथ खड़े हैं। उनके इस बयान को लेकर अब अलग-अलग राजनीतिक मायने निकाले जा रहे हैं।
तेज प्रताप यादव ने देश में बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रही कीमतों से आम जनता परेशान है। रसोई गैस, खाद्य पदार्थ और रोजमर्रा की जरूरतों का सामान महंगा होता जा रहा है। जिसका सबसे ज्यादा असर गरीब और मध्यम वर्ग पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार को इस दिशा में गंभीर कदम उठाने चाहिए।
भाजपा के साथ संभावित गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि अगर मां की कृपा रही तो गठबंधन जरूर होगा। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि यह गठबंधन किस स्तर पर और किन परिस्थितियों में हो सकता है।
मिर्जापुर में भीषण गर्मी, बिजली-पानी संकट और महंगाई के खिलाफ सपा का जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन
वहीं उत्तर प्रदेश की राजनीति पर बड़ा बयान देते हुए उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ हैट्रिक मारेंगे और प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव की भाजपा अध्यक्ष से मुलाकात पर पूछे गए सवाल पर तेज प्रताप यादव ने कहा कि यह उनका व्यक्तिगत और राजनीतिक फैसला है। उन्होंने ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि वो और उनकी पार्टी जाने क्या करेंगे।
Location : Mirzapur
Published : 24 May 2026, 11:58 PM IST