
शिवपाल यादव
Mainpuri: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाज़ी का पारा चढ़ गया है। मैनपुरी में सपा नेता शिवपाल यादव ने एक के बाद एक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखी और केंद्र व राज्य सरकार पर तीखे हमले किए। महिला आरक्षण से लेकर वोट कटने के आरोप, महंगाई और चुनाव आयोग की भूमिका तक हर मुद्दे पर उनका बयान चर्चा में है। उनके बयानों ने एक बार फिर राजनीतिक माहौल को गर्म कर दिया है।
शिवपाल यादव ने महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर कहा कि उनकी व्यक्तिगत राय है कि आरक्षण जनसंख्या के आधार पर मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी होनी चाहिए।” उन्होंने यह भी बताया कि संसद में 16, 17 और 18 तारीख को होने वाले सत्र में पार्टी इस मुद्दे पर चर्चा करेगी और उसके बाद ही आधिकारिक फैसला लिया जाएगा।
सपा की एकजुटता और संगठन को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि पार्टी पूरी तरह साथ है। उन्होंने कहा कि वे लगातार उत्तर प्रदेश में दौरे कर रहे हैं और जहां संगठन कमजोर है, वहां उसे मजबूत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा को सत्ता से हटाना उनका लक्ष्य है।
मैनपुरी में पुलिस का सख्त एक्शन, अतिक्रमण हटाओ अभियान से सुधरी यातायात व्यवस्था
SIR प्रक्रिया और वोट कटने के आरोपों पर शिवपाल यादव ने सरकार और चुनाव आयोग दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह पहले से साजिश थी, लेकिन सपा कार्यकर्ताओं की मेहनत से नुकसान को रोका गया। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत वोट कटने और बढ़ने की कोशिशें की जा रही हैं, लेकिन सपा कार्यकर्ता लगातार निगरानी कर रहे हैं।
गैस सिलेंडर और महंगाई को लेकर भी शिवपाल यादव ने सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि सरकार दावा करती है कि सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह गैस सिलेंडर की कमी है, लंबी लाइनें लग रही हैं और ब्लैक में बिक्री हो रही है। उन्होंने सरकार को “झूठ बोलने वाली सरकार” तक कह दिया।
शिवपाल यादव ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जहां-जहां कमियां हैं, उन पर अभी तक सुधार नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई जगह अधिकारियों के ट्रांसफर किए गए हैं और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनावों में सपा को बढ़त मिलेगी।
मैनपुरी में फौजी की पत्नी का दर्द, न्याय के लिए दर-दर भटक रही महिला
पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के चुनावी मुद्दों पर भी उन्होंने बयान दिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के नतीजे आने दीजिए, सच्चाई खुद सामने आ जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि पहले भी लोग दावा कर रहे थे, लेकिन परिणाम कुछ और ही आया।
झारखंड में सिपाही भर्ती से पहले पेपर लीक के मामले पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाएं लगातार होती रही हैं और यह सरकार की विफलता को दिखाता है।
पंचायत चुनाव को लेकर शिवपाल यादव ने कहा कि सरकार को समय पर चुनाव कराने चाहिए थे, लेकिन अब इसमें देरी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, हालांकि गांव स्तर पर वोटिंग सीधी होती है, इसलिए वहां धांधली करना आसान नहीं है।
Location : Mainpuri
Published : 13 April 2026, 4:12 PM IST