
महराजगंज पुलिस चौकी में युवक का बर्थडे सेलिब्रेशन (Image: Dynamite News)
Maharajganj News: महराजगंज के नौतनवा थाना क्षेत्र की अड्डा बाजार पुलिस चौकी से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल वीडियो में चौकी परिसर के अंदर एक युवक केक काटकर जन्मदिन मनाता नजर आ रहा है। खास बात यह है कि इस दौरान कुछ पुलिसकर्मी और एक दरोगा भी मौके पर दिखाई दे रहे हैं।
मामला नौतनवा थाना क्षेत्र की अड्डा बाजार पुलिस चौकी का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में चौकी परिसर में जन्मदिन मनाने जैसा माहौल दिखाई दे रहा है। युवक केक काट रहा है और आसपास कुछ लोग मौजूद हैं। वीडियो में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी नजर आ रही है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं कि जिस पुलिस चौकी में आम जनता अपनी शिकायतें और समस्याएं लेकर पहुंचती है, वहां निजी कार्यक्रम आयोजित करना कितना उचित है। सोशल मीडिया पर लोग पुलिस चौकी के माहौल और ड्यूटी स्थल पर इस तरह के आयोजन को लेकर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि वायरल वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया था। पुलिस विभाग की ओर से भी मामले की जांच की बात कही गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी।
मामले में अड्डा बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश यादव ने डाइनामाइट न्यूज़ को सफाई देते हुए बताया कि चौकी परिसर में जन्माष्टमी का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान खैराटी निवासी एक युवक वहां पहुंचा, जिसका जन्मदिन था। चौकी इंचार्ज के मुताबिक, युवक ने खुद अनुरोध किया था कि उसका जन्मदिन का केक काट दिया जाए। उन्होंने कहा कि इस तरह के निजी आयोजनों से वह दूरी रखते हैं और यह कोई पहले से आयोजित कार्यक्रम नहीं था।
वहीं, वायरल वीडियो को लेकर CO नौतनवा बसंत सिंह ने कहा कि उन्होंने वीडियो देखा है। लेकिन अभी यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच के बाद ही पूरी स्थिति साफ हो पाएगी। फिलहाल पुलिस चौकी में जन्मदिन मनाने का यह वीडियो क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब जांच के बाद ही पता चलेगा कि यह आयोजन सामान्य परिस्थितियों में हुआ था या फिर इसमें किसी तरह की लापरवाही हुई।
Location : Maharajganj
Published : 6 September 2026, 1:18 PM IST