मुजफ्फरनगर में थार स्टंट पर पुलिस की कार्रवाई, वायरल वीडियो के बाद स्टंटबाजों पर गिरी गाज

मुजफ्फरनगर में शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी पर स्टंट करने और नोट उड़ाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो का संज्ञान लेते हुए चरथावल पुलिस ने कार्रवाई कर दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही स्टंट में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी सीज। पुलिस ने ऐसे खतरनाक और गैरकानूनी स्टंट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 8 June 2026, 8:08 PM IST

Muzaffarnagar: शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी की छत पर बैठकर खतरनाक स्टंट करना और नोट उड़ाना दो युवकों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद चरथावल पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि स्टंट में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी को भी सीज कर दिया गया। पुलिस ने साफ कहा है कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की लापरवाही और कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

 गाड़ी की छत पर स्टंट

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में कुछ युवक चरथावल कस्बे की लकड़ी मंडी के पास थाना भवन मार्ग पर एक शादी समारोह के दौरान थार गाड़ी की छत पर बैठकर स्टंट करते और खुलेआम नोट उड़ाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आते ही थाना चरथावल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू कर दी।

थार स्टंट करने वाले दबोचे गए

जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान अमजद पुत्र रियाजुद्दीन और हारिश पुत्र वकील निवासी सरवट, थाना सिविल लाइन, मुजफ्फरनगर के रूप में की। इसके बाद पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने स्टंट में इस्तेमाल की गई थार गाड़ी संख्या यूपी-12-बीवी-8283 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि सड़क पर इस तरह के स्टंट न केवल कानून का उल्लंघन हैं बल्कि आम लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकते हैं।

अगर पुलिस की माने तो "सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है तथा स्टंट में प्रयुक्त थार गाड़ी को सीज किया गया है। सार्वजनिक स्थानों पर स्टंट और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।"

Location :  Muzaffarnagar

Published :  8 June 2026, 8:08 PM IST