पीएम स्वनिधि योजना में यूपी ने मारी बाजी, अलीगढ़ से वाराणसी तक इन शहरों को मिला सम्मान

उत्तर प्रदेश को पीएम स्वनिधि योजना के उत्कृष्ट क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को 'पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026' से सम्मानित किया गया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 20 November 2026, 9:06 PM IST

Lucknow: भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से नई दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को 'पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026' से सम्मानित किया गया। राज्य और नगर निकाय स्तर पर प्रदेश को कुल आठ पुरस्कार मिले हैं। यह सम्मान रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने के प्रयासों के लिए दिया गया है।

राज्य स्तर पर तीन श्रेणियों में यूपी को मिला सम्मान

पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में उत्तर प्रदेश ने राज्य स्तर पर तीन श्रेणियों में उपलब्धि हासिल की। प्रदेश को 'स्वनिधि से समृद्धि' श्रेणी में प्रथम रैंक मिली, जबकि ओवरऑल परफॉर्मेंस में द्वितीय रैंक और स्पेशल कैंपेन श्रेणी में भी द्वितीय रैंक प्राप्त हुई।

वहीं, नगर निकाय स्तर पर भी उत्तर प्रदेश के पांच शहरों को अलग-अलग श्रेणियों में सम्मानित किया गया। इनमें अलीगढ़, गाजियाबाद, मेरठ, प्रयागराज और वाराणसी शामिल हैं। इस तरह राज्य और शहरों को मिलाकर प्रदेश के खाते में कुल आठ पुरस्कार आए।

कार्यक्रम में राज्य नगरीय विकास अभिकरण (सूडा) के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से पुरस्कार प्राप्त किया।

रेहड़ी-पटरी वालों को आत्मनिर्भर बनाने में यूपी अव्वल

मंत्री एके शर्मा ने टीम की मेहनत को दिया श्रेय

इस उपलब्धि पर नगर विकास मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने प्रसन्नता जताई। उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि सम्मान अवार्ड-2026 में उत्तर प्रदेश को मिली सफलता पूरी टीम की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में प्रदेश के रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए विभाग लगातार काम कर रहा है। इस उपलब्धि के पीछे स्ट्रीट वेंडर भाई-बहनों का विश्वास, नगर निकायों के अधिकारियों और कर्मचारियों, नगर आयुक्तों, परियोजना अधिकारियों तथा सूडा की टीम का समर्पण है।

मंत्री ने सभी संबंधित लोगों को बधाई देते हुए कहा कि विभाग का लक्ष्य अधिक से अधिक पात्र स्ट्रीट वेंडर्स को योजना से जोड़ना, उन्हें समय पर ऋण उपलब्ध कराना और डिजिटल लेन-देन के लिए प्रोत्साहित करना है। इससे छोटे कारोबारियों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।

Bareilly: में लखनऊ-दिल्ली हाईवे हाईवे पर दो वाहन बने आग का गोला, टक्कर के बाद ट्रक में फंसा हेल्पर जिंदा जला

आसान ऋण और डिजिटल लेन-देन से मजबूत होंगे छोटे कारोबारी

सूडा के निदेशक डॉ. राजागणपति आर. ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को सरल ऋण सुविधा, डिजिटल लेन-देन से जुड़ाव और आर्थिक सशक्तीकरण का अवसर मिल रहा है।

उन्होंने बताया कि इस योजना का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को आर्थिक गतिविधियों में आगे बढ़ने का अवसर देना है। कार्यक्रम में सूडा के वित्त नियंत्रक रजनीकांत वर्मा, सहायक निदेशक प्रीति सिंह सहित विभिन्न नगर निकायों के नगर आयुक्त और परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।

Bareilly: में लखनऊ-दिल्ली हाईवे हाईवे पर दो वाहन बने आग का गोला, टक्कर के बाद ट्रक में फंसा हेल्पर जिंदा जला

पीएम स्वनिधि सम्मान में मिली यह उपलब्धि उत्तर प्रदेश में योजना के क्रियान्वयन और शहरी क्षेत्रों के छोटे कारोबारियों को औपचारिक वित्तीय व्यवस्था से जोड़ने के प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर मिली पहचान के रूप में देखी जा रही है।

Location :  Lucknow

Published :  20 November 2026, 8:56 PM IST