बाबा साहेब की प्रतिमा खंडित होने से भड़का आक्रोश, मौके पर पहुंचे सांसद छत्रपाल गंगवार

बरेली के बहेड़ी क्षेत्र के भिलैया गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने की सूचना से ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। मामले की जानकारी मिलते ही सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार गांव पहुंचे और ग्रामीणों से बात की। उन्होंने नई प्रतिमा जल्द स्थापित कराने और स्थल के सौंदर्यीकरण का भरोसा दिया। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग भी की गई।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 3 September 2026, 12:57 AM IST
google-preferred
Bareilly News: बहेड़ी के भिलैया गांव में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा खंडित होने की सूचना से माहौल गरमा गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों में नाराजगी फैल गई। मामला बढ़ता, इससे पहले बरेली सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार बुधवार को गांव पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत की और मौके पर मौजूद अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली। सांसद ने जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने और स्थल का सौंदर्यीकरण कराने का भरोसा दिया।

गांव पहुंचकर सांसद ने ली जानकारी

सांसद छत्रपाल सिंह गंगवार ने भिलैया पहुंचकर ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से भी बातचीत की और जल्द से जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने को कहा। सांसद ने स्पष्ट कहा कि बाबा साहेब जैसी महान विभूति का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों से घटना में शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने की बात कही। सांसद के गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों ने भी अपनी मांगें उनके सामने रखीं।

नई प्रतिमा के साथ होगा सौंदर्यीकरण

सांसद ने बताया कि प्रदेश सरकार की ओर से संत रविदास, बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और महर्षि वाल्मीकि से जुड़े स्थलों और प्रतिमाओं को चिन्हित कर उनके सौंदर्यीकरण की योजना पर काम किया जा रहा है। इसी क्रम में भिलैया गांव में स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा वाले स्थल को भी जल्द विकसित और सुंदर बनाया जाएगा।
उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि नई प्रतिमा स्थापित कराने के साथ स्थल के सौंदर्यीकरण की दिशा में भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे।

भाजपा नेताओं ने भी की कड़ी कार्रवाई की मांग

भाजपा नगर अध्यक्ष सुनील रस्तोगी ने घटना को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में समाज को संयम बनाए रखना चाहिए और कानून-व्यवस्था पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराने की मांग की।

बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद

सांसद के गांव पहुंचने के दौरान मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे। इस दौरान देवदत्त प्रधान, कृष्णपाल सागर, आनंद गौतम, प्यारेलाल मास्टर साहब, अमर सिंह, राहुल सागर, खेमेन्दर सागर, जिला पंचायत सदस्य सूर्या कुर्मी, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र मौर्य, नगर अध्यक्ष सुनील रस्तोगी समेत कई लोग मौजूद रहे। फिलहाल ग्रामीणों की नजर प्रशासन की कार्रवाई पर है। लोगों की मांग है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। वहीं, नई प्रतिमा की स्थापना और स्थल के सौंदर्यीकरण का काम जल्द शुरू होने की उम्मीद है।

Location :  Bareilly

Published :  3 September 2026, 12:57 AM IST

Related News

Advertisement