
प्रतीकात्मक छवि
Jaunpur: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कोतवाली क्षेत्र के पचवर गांव में घर के सामने खेल रहे एक मासूम बच्चे की स्कूल वैन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे में माता-पिता के इकलौते बेटे आरव ने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
मंगलवार सुबह तक जिस घर में आरव की किलकारियां गूंज रही थीं, वहां कुछ ही देर बाद मातम पसर गया। मां ज्योति ने बेटे को दूध पिलाया था और वह घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान उसकी दोनों बड़ी बहनें माही और प्राची स्कूल जाने के लिए वैन में बैठ चुकी थीं।
बताया जा रहा है कि खेलते-खेलते आरव स्कूल वैन के पास पहुंच गया। इसी दौरान वैन के अगले पहिये की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
मासूम भाई की मौत का यह मंजर उसकी बहनों माही और प्राची की आंखों के सामने हुआ। दोनों बहनों की आंखों के सामने उनका छोटा भाई हमेशा के लिए उनसे दूर हो गया। घटना के बाद दोनों सदमे में हैं।
आरव की मौत के बाद मां ज्योति का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, वह कभी बेटे को आवाज लगातीं तो कभी उसे गोद में लेने के लिए हाथ बढ़ातीं। परिवार के लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते रहे, लेकिन बेटे को खोने का दर्द कम नहीं हो सका।
मृतक आरव के पिता सुनील पान की दुकान चलाते हैं। रोज की तरह मंगलवार सुबह उन्होंने अपनी बेटियों को स्कूल भेजा था और दुकान जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया।
आरव सिर्फ अपने परिवार का ही नहीं, बल्कि आसपास के लोगों का भी लाडला था। उसकी मौत की खबर मिलते ही पूरे पचवर गांव में शोक की लहर दौड़ गई। घर पर पहुंचे ग्रामीणों ने परिजनों को ढांढस बंधाया।
परिजनों ने बताया कि आरव का जन्मदिन 16 दिसंबर को आने वाला था। परिवार बच्चे के जन्मदिन की तैयारियों को लेकर खुश था, लेकिन उससे पहले ही इकलौते बेटे की मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया।
परिजनों ने स्कूल प्रबंधन पर भी नाराजगी जताई है। बड़े पिता संतोष का आरोप है कि हादसे के बाद स्कूल की ओर से कोई भी व्यक्ति परिवार का हाल जानने या संवेदना जताने नहीं पहुंचा।
परिजनों ने स्कूल वैन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हादसे के समय चालक मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Location : Jaunpur
Published : 23 September 2026, 11:42 AM IST
Topics : Child Death In School Van Accident Child Safety News Jaunpur News Today Jaunpur School Van Accident UP School Van Accident