
डीएम-एसपी ने सुनी जनता की समस्याएं,
Maharajganj: महराजगंज के फरेंदा तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं। समाधान दिवस में फरियादी अपनी-अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। समाधान दिवस के दौरान जमीन-जायदाद से जुड़े विवाद, आवास योजना,वृद्धा व विधवा पेंशन, बिजली, पेयजल तथा पुलिस से संबंधित शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
जिलाधिकारी ने एक-एक कर फरियादियों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भूमि विवादों के मामलों में राजस्व विभाग पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ कार्य करे, किसी भी प्रकार की लापरवाही या पक्षपात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएम संतोष कुमार शर्मा ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराया जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में पात्र व्यक्ति योजनाओं से वंचित न रहे। साथ ही उन्होंने समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेने की चेतावनी देते हुए कहा कि इस मंच का उद्देश्य जनता को तहसील व जिला मुख्यालय के अनावश्यक चक्कर से राहत दिलाना है, इसलिए अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया जाए।
वहीं, पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने पुलिस विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि थाने पर आने वाले प्रत्येक फरियादी के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता से दुर्व्यवहार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि किसी शिकायत में लापरवाही या गलत व्यवहार पाया गया तो संबंधित थानेदार के खिलाफ कार्रवाई तय होगी। एसपी ने यह भी कहा कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य जनता की सुरक्षा और सेवा है,इसलिए पीड़ित की शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर दर्ज कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस के अवसर पर एसडीएम फरेंदा शैलेन्द्र गौतम, तहसीलदार वशिष्ठ वर्मा, नायब तहसीलदार अंकित अग्रवाल, सीएमओ, खंड विकास अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, शिक्षा विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समाधान दिवस में कई शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किए जाने से फरियादियों ने संतोष जताया।
Location : Maharajganj
Published : 20 December 2025, 4:11 PM IST
Topics : Complainants DM Maharajganj Samadhan Diwas SP