
नामित सभासद जयन्त सिंह धर्मू पर जान से मारने की धमकी
Balrampur : जिले में एक नामित सभासद पर कुछ युवकों द्वारा कथित तौर पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधियों में भारी आक्रोश है। मंगलवार की देर रात तक तमाम सभासद कोतवाली थाने में डटे रहे और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस पर दबाव बनाते रहे।
जानकारी के मुताबिक, नगर के तुलसीपार्क इलाके के रहने वाले नामित सभासद जयन्त सिंह धर्मू मंगलवार की रात अपनी स्कूटी से किसी व्यावसायिक काम के सिलसिले में जा रहे थे। इसी दौरान अम्बेडकर तिराहे के पास एक युवक ने उनका रास्ता रोककर विवाद करना शुरू कर दिया। जब पीड़ित ने वहां से निकलने की कोशिश की, तो उस युवक ने फोन करके अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि इसके बाद वहां पहुंचे कई अन्य युवकों ने सभासद को चारों तरफ से घेर लिया और उनके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। इस बीच एक आरोपी ने अवैध असलहा निकालकर उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिसके बाद पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से निकलने में कामयाब रहे।
Balrampur News: बेजुबान से ऐसी क्रूरता क्यों? तुलसीपुर देहात में बंदर की मौत पर भड़के ग्रामीण
इस घटना की सूचना मिलते ही नगर के कई अन्य सभासद और जनप्रतिनिधि तुरंत कोतवाली पहुंच गए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तुरंत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सबूतों के आधार पर आगे की सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Balrampur
Published : 10 June 2026, 12:00 PM IST