
श्रमिकों का विरोध हुआ हिंसक (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Noida: नोएडा के फेस-2 क्षेत्र में वेतन वृद्धि को लेकर शुरू हुआ श्रमिकों का विरोध सोमवार को हिंसक रूप ले बैठा। सुबह के समय शुरू हुआ प्रदर्शन धीरे-धीरे उग्र हो गया, जिसके बाद कई जगहों पर हालात बिगड़ गए। सेक्टर 64, 80 और 121 समेत कई इलाकों में प्रदर्शनकारियों ने हंगामा किया, गाड़ियों में तोड़फोड़ की और सड़क पर उतरकर विरोध जताया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को सख्ती बरतनी पड़ी।
स्थिति उस समय और गंभीर हो गई जब प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गई। कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसके जवाब में पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया। नया गांव के पास भीड़ दोबारा इकट्ठा होती दिखी, लेकिन पुलिस ने तुरंत कार्रवाई कर उन्हें वहां से हटा दिया। इसके बावजूद, कई स्थानों पर प्रदर्शनकारी रुक-रुक कर सड़कों पर आकर विरोध करते रहे।
Noida Salary Protest: नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर उग्र प्रदर्शन, सेक्टर-60 के पास सड़क जाम
सेक्टर 64 में बड़ी संख्या में श्रमिक अपनी मांगों को लेकर एकत्र हुए थे। कई कर्मचारियों का कहना था कि उन्हें यह जानकारी ही नहीं थी कि उनकी सैलरी में बढ़ोतरी की गई है। मौके पर पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने श्रमिकों को वेतन से जुड़ी जानकारी विस्तार से दी और बातचीत के जरिए माहौल शांत कराने की कोशिश की।
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा कि सरकार ने इस पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अराजक तत्व श्रमिकों को भड़काने का काम कर रहे हैं। सरकार ने एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है, जो श्रमिक संगठनों और उद्योग प्रतिनिधियों से बातचीत कर समाधान निकालने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने सभी पक्षों से संयम बनाए रखने की अपील भी की।
नोएडा पुलिस के अनुसार, किसी संगठित समूह द्वारा श्रमिकों को उकसाने की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुप्स के माध्यम से भड़काऊ संदेश फैलाने की भी बात सामने आई है। पुलिस ने ऐसे कई संदिग्ध अकाउंट्स की पहचान की है और जांच शुरू कर दी है। पूरे क्षेत्र में भारी पुलिस बल और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी जारी है।
पुलिस ने अब तक 300 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया है और 7 अलग-अलग मामलों में एफआईआर दर्ज की गई है। भीड़ में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हिंसा भड़काने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में सेक्टर स्कीम लागू कर दी है और सुबह से ही रूट मार्च किया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार प्रयासरत है और वेतन वृद्धि पर जल्द निर्णय लिया जा सकता है। फिलहाल, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच नोएडा फेस-2 क्षेत्र में यातायात सामान्य हो गया है, लेकिन पुलिस अब भी पूरी तरह सतर्क है।
Location : Noida
Published : 14 April 2026, 11:35 AM IST