हिंदी
पुलिस वाले से लूटपाट बनाने वाले गैंग के बीच गोलीबारी (Img: Google)
Noida Desk: ग्रेटर नोएडा में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच थाना दादरी पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। पांच दिन पहले घर लौट रहे एक पुलिसकर्मी को कार में बैठाकर लूटने वाले गैंग के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। देर रात हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल हालत में उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक, 20 और 21 मई की दरम्यानी रात एक पुलिसकर्मी अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुछ युवकों ने उसे रास्ते में लिफ्ट देने के बहाने अपनी वैगनआर कार में बैठा लिया। शुरुआत में पुलिसकर्मी को किसी तरह का शक नहीं हुआ, लेकिन थोड़ी दूर जाते ही आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उसके साथ लूटपाट शुरू कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
घटना सामने आने के बाद थाना दादरी पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस की कई टीमें लगातार बदमाशों की तलाश में लगी हुई थी। इसी बीच सोमवार देर रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लूट की घटना में शामिल आरोपी वैगनआर कार से चिटहेरा नहर की तरफ आने वाले हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने पेरीफेरल अंडरपास के पास चेकिंग अभियान शुरू कर दिया। जैसे ही संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया, उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य आरोपी रंजीत कुमार के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके से दबोच लिया। हालांकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीत कुमार निवासी ग्राम जिटोली, जिला एटा के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई वैगनआर कार बरामद की गई है।
ग्रेटर नोएडा के डीसीपी डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने बताया कि मुठभेड़ के बाद पुलिस की टीमें आसपास के जंगल और संभावित ठिकानों पर लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं गिरफ्तार आरोपी के आपराधिक इतिहास को भी खंगाला जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि वह पहले भी कई लूट और आपराधिक वारदातों में शामिल रहा है।
आपको बता दें कि बीती रात को 2 स्थानों पर पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई। ग्रेटर नोएडा में दादरी के अलावा नोएडा में संजू हत्याकांड को अंजाम देने वाले अपराधी के साथ भी पुलिस की मुठभेड़ हुई है, जिसमें अपराधी को गोली लगी है। जिले में शातिर अपराधियों और बदमाशों के खिलाफ पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के आदेश पर अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का मकसद है कि जिले में पूरे तरीके से क्राइम कंट्रोल हो जाए।
Location : Noida
Published : 26 May 2026, 8:53 AM IST