
नोएडा प्राधिकरण (Img : Google)
Noida : सेक्टर-151ए स्थित कामबख्शपुर गांव में बन रहे एक मंदिर के निर्माण को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। प्राधिकरण ने मंदिर निर्माण पर नोटिस जारी करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की चेतावनी दी है। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि मंदिर का निर्माण बिना नक्शा पास कराए किया जा रहा है। इसके अलावा निर्माण में डबल बेसमेंट बनाया जा रहा है, जिसके लिए कोई स्वीकृति नहीं ली गई है। अधिकारियों के अनुसार धार्मिक स्थल के निर्माण के लिए जिला प्रशासन से अनुमति लेना आवश्यक होता है। यह इस मामले में नहीं लिया गया है।
वहीं मंदिर प्रबंधन ने इस कार्रवाई पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि जिस जमीन पर निर्माण हो रहा है। वह प्राधिकरण द्वारा अधिग्रहित नहीं है। प्रबंधन का दावा है कि मंदिर का डिजाइन भूकंपरोधी आर्किटेक्ट से तैयार कराया गया है और निर्माण पूरी तरह नियमों के अनुसार किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, कामबख्शपुर गांव में पहले से मौजूद इस्कॉन मंदिर जर्जर हालत में पहुंच चुका था। जिसके बाद उसे पुनर्निर्मित किया जा रहा है। अब पुराने ढांचे को हटाकर नया निर्माण डबल बेसमेंट के साथ किया जा रहा है, जिस पर विवाद खड़ा हो गया है।
अब इस मामले में प्राधिकरण और मंदिर प्रबंधन आमने-सामने हैं। एक तरफ नियमों के उल्लंघन का आरोप है तो दूसरी तरफ अनुमति और जमीन को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। आने वाले दिनों में यह विवाद और गहराने की संभावना जताई जा रही है।
Location : Noida
Published : 17 June 2026, 6:12 AM IST