हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (फोटो सोर्स- AI)
Noida: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर से बुधवार को कार्गो सेवा की औपचारिक शुरुआत हो गई। सुबह पहली कार्गो फ्लाइट के उतरने के साथ ही एयरपोर्ट ने यात्री सेवाओं के बाद माल परिवहन के क्षेत्र में भी अपनी भूमिका निभानी शुरू कर दी है। कार्गो हब बनने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के उद्योगों, व्यापारियों और किसानों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्र के उत्पादों को विदेशों तक पहुंचाना आसान होगा और आयात-निर्यात की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और किफायती बन सकेगी।
अब तक उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के व्यापारियों को अपने उत्पाद विदेश भेजने के लिए दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल पर निर्भर रहना पड़ता था। इसके कारण उन्हें अतिरिक्त समय और परिवहन खर्च उठाना पड़ता था। दिल्ली में ट्रैफिक और कार्गो स्लॉट की अग्रिम बुकिंग जैसी समस्याओं के कारण व्यापारियों को अपना माल पहले से भेजना पड़ता था।
नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो संचालन शुरू होने से पश्चिमी यूपी के उद्योगों को सीधा लाभ मिलेगा। दवाइयां, ताले, पीतल के बर्तन, टेक्सटाइल उत्पाद और अन्य औद्योगिक वस्तुएं अब आसानी से अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सकेंगी। वहीं विदेशों से सामान मंगाने की प्रक्रिया भी सरल होगी।
वर्तमान में उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों की दिल्ली एयरपोर्ट के कार्गो कारोबार में लगभग 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रदेश में कार्गो सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण व्यापारियों को दिल्ली का सहारा लेना पड़ता था। नोएडा एयरपोर्ट पर कार्गो सेवाएं शुरू होने के बाद इस हिस्सेदारी का बड़ा भाग जेवर की ओर स्थानांतरित होने की संभावना है।
इससे दिल्ली एयरपोर्ट के कार्गो संचालन पर दबाव कम होगा और व्यापारियों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नोएडा एयरपोर्ट के कार्गो हब का सबसे अधिक लाभ किसानों को मिलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के किसान भी अपने कृषि उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक आसानी से पहुंचा सकेंगे।
एयरपोर्ट परिसर में अत्यधिक क्षमता वाला डीप फ्रीजर और कोल्ड चेन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इससे कृषि, दुग्ध और मांस उत्पादों को सुरक्षित रखा जा सकेगा। एकीकृत भंडारण और परिवहन व्यवस्था के कारण उत्पादों की गुणवत्ता बनी रहेगी और खराब होने की आशंका कम होगी। इससे कृषि निर्यात को नई गति मिलने की उम्मीद है।
कार्गो सेवाओं के संचालन के लिए एआई सेट्स और यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड ने अफकॉम कंपनी के साथ साझेदारी की है। चेन्नई स्थित अंतरराष्ट्रीय कार्गो एयरलाइन अफकॉम तीन बोइंग 737-800 मालवाहक विमानों का संचालन करती है।
कंपनी बैंकॉक, यांगून, हनोई, कोलंबो, माले और दुबई जैसे प्रमुख अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए सेवाएं प्रदान करती है। इस साझेदारी से नोएडा एयरपोर्ट की पहचान उत्तर भारत के प्रमुख लॉजिस्टिक्स और कार्गो केंद्र के रूप में और मजबूत होने की उम्मीद है।
वाणिज्यिक उड़ानों की शुरुआत के अगले दिन मंगलवार को अकासा एयर ने नोएडा एयरपोर्ट से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू कर दीं। दोनों मार्गों पर प्रतिदिन उड़ानें संचालित की जाएंगी।
नवी मुंबई से पहली फ्लाइट सुबह 9:35 बजे नोएडा पहुंची और 10:15 बजे वापस रवाना हुई। यह उड़ान दोपहर 12:30 बजे नवी मुंबई पहुंची। वहीं बेंगलुरु से आने वाली उड़ान शाम 7:15 बजे नोएडा पहुंची और रात 7:55 बजे वापस रवाना होकर 11 बजे बेंगलुरु पहुंची।
नवी मुंबई मार्ग पर शुरू हुई सेवा को लेकर यात्रियों में विशेष उत्साह देखा गया। कई यात्रियों ने इसे दिल्ली एयरपोर्ट के मुकाबले अधिक सुविधाजनक विकल्प बताया।
Noida Car Fire: नोएडा में सड़क पर धधकी चलती कार, जानें क्यों लगती है अचानक कारों में आग
अकासा एयर के अलावा इंडिगो ने भी मंगलवार से जम्मू के लिए अपनी नियमित उड़ान सेवा शुरू कर दी। इसके साथ ही लखनऊ, हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर और जम्मू के लिए निर्धारित उड़ानें समय पर संचालित होती रहीं।
एयरपोर्ट के दूसरे दिन कुल 12 विमानों का आगमन और प्रस्थान दर्ज किया गया, जिससे संचालन व्यवस्था सुचारु रहने का संकेत मिला।
अकासा एयर की नई सेवाओं के शुभारंभ पर एयरपोर्ट परिसर में केक काटकर जश्न मनाया गया। एयरलाइन ने नवी मुंबई की पहली उड़ान बुक करने वाले परिवार को उपहार देकर सम्मानित भी किया।
अकासा एयर के सह-संस्थापक एवं मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से परिचालन शुरू करना कंपनी की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। वहीं नोएडा एयरपोर्ट के उपाध्यक्ष क्रिस्टोफ श्नेलमान ने कहा कि अकासा एयर के जुड़ने से यात्रियों को अधिक यात्रा विकल्प मिलेंगे और क्षेत्रीय संपर्क मजबूत होगा।
एयरपोर्ट पर यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न कैब कंपनियों के काउंटर स्थापित किए गए हैं और ऑन-डिमांड कैब सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा परिसर में ई-बसों की सुविधा भी मौजूद है।
हालांकि यात्रियों को ई-बसों तक पहुंचने में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। बसों का स्टॉप टर्मिनल भवन से अपेक्षाकृत दूर होने के कारण यात्रियों को वहां तक पहुंचने में कठिनाई हुई। आने वाले समय में इस व्यवस्था को और बेहतर बनाने की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
Location : Noida
Published : 17 June 2026, 10:18 AM IST
Topics : Air Cargo Service Export Business Farmers Benefit Jewar Airport Noida International Airport