NHRC ने नोएडा पुलिस कमिश्नर और प्राधिकरण के चैयरमेन से 14 दिनों में मांगा जवाब, जानें किस मामले ने सबकी उड़ाई नींद

नोएडा के सेक्टर-93 स्थित गेझा गांव में सीवर सफाई के दौरान सफाई मित्र शिवा की मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन और गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर से 14 दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 17 July 2026, 11:55 AM IST

Noida: नोएडा के सेक्टर-93 स्थित गेझा गांव में सीवर की सफाई के दौरान हुई सफाई मित्र शिवा की दर्दनाक मौत अब राष्ट्रीय स्तर का मामला बन गई है। घटना में सुरक्षा मानकों पर उठे सवालों के बीच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने खुद संज्ञान लेते हुए नोएडा प्राधिकरण और गौतमबुद्ध नगर पुलिस से जवाब तलब किया है। आयोग ने दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिससे इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की दिशा में बड़ी कार्रवाई शुरू हो गई है।

NHRC ने लिया स्वतः संज्ञान

सेक्टर-93 के गेझा गांव में 14 जुलाई को सीवर की सफाई के दौरान 28 वर्षीय सफाई मित्र शिवा की जहरीली गैस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना की मीडिया रिपोर्टों को आधार बनाते हुए राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने अपने आदेश में कहा कि यदि रिपोर्टों में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं तो यह मानवाधिकारों के गंभीर उल्लंघन का मामला होगा। इसी के चलते नोएडा प्राधिकरण के चेयरमैन और गौतमबुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर को दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

यह भी पढ़ें -कौन हैं अनुराग कुमार, जिन्हें सौंपी गई दिल्ली पुलिस कमिश्नर की कमान? जानिये क्यों हटाए गए सतीश गोलचा

सुरक्षा उपकरणों को लेकर उठे गंभीर सवाल

मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया कि सीवर में उतरे सफाई कर्मी को पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए गए थे। यही कारण है कि जहरीली गैस की चपेट में आने से उसकी जान चली गई। इस पहलू को आयोग ने भी गंभीरता से लिया है। अब जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि सफाई कार्य के दौरान तय सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं और यदि लापरवाही मिली तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।

हादसे के बाद क्या हुआ था?

14 जुलाई को शिवा सीवर की सफाई के लिए नीचे उतरा था, लेकिन काफी देर तक बाहर नहीं निकला। इसके बाद अन्य कर्मचारियों ने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे मामले ने तूल पकड़ लिया और सफाई कर्मियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।

बदायूं में जांच करने पहुंची सरकारी टीम पर हमला! जान बचाकर भागे अधिकारी, वायरल वीडियो से मचा हड़कंप

प्राधिकरण ने क्या कहा?

हादसे के बाद नोएडा प्राधिकरण ने दावा किया था कि सीवर सफाई के दौरान सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। हालांकि, अब एनएचआरसी ने इस दावे की सच्चाई जानने के लिए विस्तृत रिपोर्ट तलब कर ली है। रिपोर्ट मिलने के बाद आयोग आगे की कार्रवाई तय करेगा।

Location :  Noida

Published :  17 July 2026, 11:55 AM IST