कोख का सौदा! कन्नौज में जुड़वां नवजात बच्चों को 1.80 लाख में बेचा, मां गांव छोड़कर फरार

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में जुड़वां नवजात बच्चों को कथित तौर पर 1.80 लाख रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। आरोप है कि आर्थिक तंगी से जूझ रही विधवा महिला ने जन्म के बाद बेटा और बेटी को अलग-अलग लोगों को सौंप दिया और गांव छोड़कर चली गई। प्रशासन ने मामले की जांच के लिए चाइल्ड लाइन टीम भेजने की बात कही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 August 2026, 7:12 PM IST

Kannauj: कन्नौज जिले में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने इंसानियत, गरीबी और सामाजिक दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशुनगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा महिला पर अपनी ही कोख से जन्मे जुड़वां नवजात बच्चों को कथित तौर पर बेचने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला ने एक बेटे और एक बेटी को जन्म देने के बाद दोनों बच्चों को खुद से अलग कर दिया और पैसे लेकर गांव से चली गई। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ग्रामीणों का दावा है कि दोनों नवजात बच्चों का सौदा करीब 1.80 लाख रुपये में किया गया। हालांकि पुलिस का कहना है कि अभी तक इस मामले में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पति की मौत के बाद सात बच्चों की जिम्मेदारी अकेले उठाई

ग्रामीणों के मुताबिक, महिला कई साल पहले अपने पति और सात बच्चों के साथ मजदूरी करने जयपुर गई थी। करीब छह साल पहले एक सड़क हादसे में उसके पति की मौत हो गई थी। इसके बाद तीन बेटों और चार बेटियों की परवरिश की जिम्मेदारी महिला के ऊपर आ गई। बताया जाता है कि महिला ने मजदूरी करके अपने बच्चों का पालन-पोषण किया और दो बेटियों व एक बेटे की शादी भी कर दी। इसी दौरान जयपुर में काम करने के दौरान वह एक व्यक्ति के संपर्क में आई और गर्भवती हो गई।

समाज के डर से गांव लौटी महिला

ग्रामीणों की मानें तो गर्भवती होने के बाद महिला ने संबंधित व्यक्ति से 50 हजार रुपये भी लिए थे। इसके बाद बदनामी और सामाजिक दबाव के डर से वह अपने गांव वापस लौट आई। दो दिन पहले उसने राजकीय मेडिकल कॉलेज में जुड़वां बच्चों को जन्म दिया। आरोप है कि अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद घर पहुंचते ही बच्चों को लेकर सौदेबाजी शुरू हो गई। ग्रामीणों का कहना है कि नवजात बेटे को गांव के ही एक व्यक्ति को एक लाख रुपये में और बेटी को पास के गांव के एक परिवार को 80 हजार रुपये में दे दिया गया।

गांव वालों के सामने हुआ कथित सौदा

इस पूरे मामले में सबसे हैरान करने वाली बात यह बताई जा रही है कि कथित सौदे के दौरान गांव के कई लोग मौजूद थे। ग्रामीणों के अनुसार, सौदा पूरा होने के बाद महिला रुपये लेकर गांव छोड़कर चली गई। वहीं, विशुनगढ़ थाना प्रभारी शशिकांत कनौजिया ने बताया कि फिलहाल यह मामला थाने में आधिकारिक रूप से दर्ज नहीं हुआ है। अगर कोई तहरीर या शिकायत मिलती है तो मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नवजात बेचने का मामला अपराध, जांच के लिए भेजी जाएगी टीम

जिला प्रोबेशन अधिकारी उवैदुर्रहमान सिद्दीकी ने कहा कि मामला संज्ञान में आया है और इसकी जांच के लिए चाइल्ड लाइन की टीम को मौके पर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि नवजात बच्चों को बेचना कानूनन अपराध है। बच्चों को गोद लेने की प्रक्रिया भी पूरी तरह कानूनी होती है, जिसमें बाल कल्याण समिति की भूमिका अहम होती है।

Location :  Kannauj

Published :  6 August 2026, 7:12 PM IST