
‘नागिन’ वाली लड़की का नया वीडियो वायरल
Auraiya: औरैया के फफूंद थाना क्षेत्र के सींगनपुर गांव में एक युवती की रहस्यमयी गुमशुदगी ने ऐसा माहौल बना दिया कि लोग दहशत में आ गए। बिस्तर पर सांप की केंचुली मिलने के बाद ‘नागिन’ बनने की अफवाह जंगल में आग की तरह फैल गई, लेकिन अब इस सनसनीखेज मामले में बड़ा मोड़ आया है।
कैसे शुरू हुआ मामला?
सींगनपुर निवासी राकेश वाल्मीकि की 21 वर्षीय बेटी रीना 10 फरवरी की रात घर से अचानक लापता हो गई थी। सुबह जब परिजनों ने उसके बिस्तर पर सांप की केंचुली देखी तो तरह-तरह की बातें होने लगी। कुछ लोगों ने इसे अंधविश्वास से जोड़ दिया। गांव में चर्चा थी कि रीना ‘नागिन’ बन गई है। माहौल इतना गरम हो गया कि रिश्तेदारों और ग्रामीणों की भीड़ घर के बाहर जुटने लगी।
फिल्मी अंदाज में रची गई थी पूरी कहानी
जांच में सामने आया कि रीना का गांव के ही युवक श्यामजी शर्मा से प्रेम संबंध था। परिवार उसकी शादी कहीं और तय कर रहा था, लेकिन वह श्याम से ही शादी करना चाहती थी। इसी वजह से उसने घर से भागने की योजना बनाई। बताया जा रहा है कि उसने अपने कपड़ों में सांप की केंचुली लपेटकर बिस्तर पर रख दी, जिससे लोग भ्रमित हो जाएं और उसे खोजने में देर लगे।
लड़के के घर पर लगा ताला
रीना के पास खुद का मोबाइल नहीं था। वह अपनी मां के कीपैड फोन से बात करती थी। पुलिस ने उस नंबर को सर्विलांस पर लगाया, जहां से एक युवक का नंबर ट्रेस हुआ। इसके बाद शक की सुई श्यामजी की ओर घूम गई। घटना के बाद से युवक के घर पर ताला लटका है और मोबाइल नंबर बंद हैं।
इंस्टाग्राम पर सामने आई सच्चाई
गुरुवार दोपहर करीब दो बजे रीना ने श्यामजी शर्मा की इंस्टाग्राम आईडी “जय महाकाल” से दो वीडियो पोस्ट किए। पीली साड़ी, मांग में सिंदूर, माथे पर बिंदी और गले में मंगलसूत्र पहने रीना ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है। पहले वीडियो में उसने अपने पति को दिखाते हुए कहा कि किसी भी तरह से उनके घरवालों को परेशान न किया जाए। दूसरे वीडियो में उसने दोहराया कि शादी का फैसला उसी का था और इसमें किसी का दबाव नहीं है।
पुलिस की जांच जारी
रीना के पिता ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने तीन टीमें गठित की हैं। इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल लोकेशन के जरिए दोनों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि युवती के बयान के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई तय होगी। फिलहाल गांव में ‘नागिन’ की अफवाह की जगह प्रेम विवाह की चर्चा जोरों पर है।
Location : Auraiya
Published : 12 February 2026, 10:31 PM IST