हिंदी
निक्की का फाइल फोटो
Greater Noida: सिरसा गांव में विवाहिता निक्की को जिंदा जलाने के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने सोमवार को दो और आरोपियों जेठ रोहित भाटी और ससुर सतवीर को गिरफ्तार कर लिया। कासना थाना पुलिस ने इन दोनों को सिरसा टोल और चौराहे के पास से दबोचा। इससे पहले रविवार को पुलिस ने पति विपिन को एनकाउंटर के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया था, जबकि सास दया को भी हिरासत में लिया गया था।
21 अगस्त को हुई निक्की की हत्या
यह घटना 21 अगस्त को हुई थी, जब निक्की को उसके ही घर में पेट्रोल डालकर जिंदा जला दिया गया। गंभीर रूप से झुलसी निक्की को पहले फोर्टिस अस्पताल और फिर दिल्ली रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इस वीडियो ने पुलिस को कर दिया परेशान
पुलिस की जांच में दो अहम वीडियो सामने आए हैं। पहला वीडियो घटनास्थल का है, जिसमें दिखता है कि विपिन घटना के वक्त घर में नहीं था, वह डरा हुआ गली की तरफ भागता है और बाद में कार लेकर निकलता है। इस वीडियो से सवाल उठ रहा है कि अगर विपिन उस वक्त घर में नहीं था, तो निक्की को जलाया किसने?
दूसरे वीडियो में लड़की का चक्कर
दूसरा वीडियो 2024 का बताया जा रहा है, जिसमें विपिन एक लड़की के साथ कार में पकड़ा गया। वीडियो में कुछ लोग उसे पीटते नजर आ रहे हैं और लड़की कार के अंदर दरवाजा बंद कर लेती है। इस वीडियो से यह संकेत मिलता है कि विपिन के किसी महिला से अवैध संबंध थे, जो निक्की के साथ उसके रिश्ते में तनाव की एक बड़ी वजह हो सकती है।
ग्रेटर नोएडा दहेज हत्या मामला: आठ साल की शादी का हुआ खौफनाक अंत, बेटा बना गवाह
निक्की की बड़ी बहन ने क्या बयान दिया
निक्की की बड़ी बहन कंचन ने बयान दिया है कि 21 अगस्त को विपिन ने निक्की से मारपीट की थी। जब वह उसे बचाने गई तो उसे भी पीटा गया और वह बेहोश हो गई। होश में आने पर देखा कि बहन को आग लगा दी गई थी। वहीं, निक्की के छोटे बेटे ने बताया कि "पापा ने मम्मा पर कुछ छिड़का और फिर लाइटर से आग लगा दी।"
निक्की और कंचन की एक ही घर में शादी
निक्की और कंचन की शादी दिसंबर 2016 में रूपबास निवासी राज सिंह ने सिरसा गांव के दो भाइयों से कराई थी। उन्होंने बताया कि शादी में स्कॉर्पियो और अन्य महंगे उपहार दिए गए थे, लेकिन फिर भी 35 लाख रुपये की लगातार मांग की जा रही थी। कई बार पंचायत हुई, पर ससुराल वाले नहीं माने।
'जस्टिस फॉर निक्की बहन' के पोस्टर
घटना के बाद कासना में पंचायत और धरना हुआ। स्थानीय लोगों ने 'जस्टिस फॉर निक्की बहन' के पोस्टर लेकर विरोध प्रदर्शन किया। महिला आयोग की राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय किशोर रहाटकर और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस मामले में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
Location : Greater Noida
Published : 26 August 2025, 3:02 AM IST
Topics : Crime in Greater Noida Greater Noida Nikki Murder Case Greater Noida Police Nikki Case Vipin Bhati
No related posts found.