मुजफ्फरनगर में होटल मालिक को गोली मारने वाला निकला नेशनल शूटर, सिगरेट नहीं मिलने पर दबंगई

मुजफ्फरनगर में गुरुवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 स्थित पंचगंगा होटल पर सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने होटल मालिक को गोली मार दी।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 29 May 2026, 6:38 PM IST

Muzaffarnagar : गुरुवार देर रात एक मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे-58 स्थित पंचगंगा होटल पर सिगरेट मांगने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने होटल मालिक को गोली मार दी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

होटल बंद होने पर भड़के कार सवार युवक

जानकारी के मुताबिक गौतमबुद्ध नगर के जेवर इलाके से थार और ब्रेजा कार में सवार चार युवक देर रात करीब 3 बजे पंचगंगा होटल पहुंचे थे। ईद के चलते होटल बंद था। युवकों ने होटल मालिक नदीम से सिगरेट और पानी की मांग की, लेकिन होटल बंद होने की बात कहने पर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई।

लाइसेंसी पिस्टल से होटल मालिक पर फायर

विवाद बढ़ने पर कार सवार विक्रांत नाम के युवक ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर होटल मालिक नदीम पर फायर झोंक दिया। गोली नदीम के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली चलने की आवाज सुनते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आरोपी मौके से फरार हो गए।

पुलिस ने चारों आरोपियों को दबोचा

घटना की सूचना मिलते ही खतौली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल होटल मालिक को अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस ने हाईवे और आसपास के इलाकों में चेकिंग अभियान चलाकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मुजफ्फरनगर में जमीन कब्जे का बड़ा खेल; खड़ी फसल ट्रैक्टर से रौंदी, डीएम तक पहुंचा मामला

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रांत, गिरीश छोकर, उमेश कुमार और दिनेश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक लाइसेंसी पिस्टल, 10 जिंदा कारतूस, एक खोखा, दो लग्जरी गाड़ियां, मोबाइल फोन और 1 लाख 20 हजार रुपये की नगदी बरामद की है।

नेशनल शूटर रह चुका है मुख्य आरोपी

एसएसपी मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के मुताबिक मुख्य आरोपी विक्रांत नेशनल शूटिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुका है और कई मेडल भी जीत चुका है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी जेवर क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें से एक युवक सरकारी अधिकारी के यहां मुंशी का काम करता है, जबकि अन्य खेती-बाड़ी से जुड़े हैं।

 

Location :  Muzaffarnagar

Published :  29 May 2026, 6:38 PM IST