मुजफ्फरनगर में आधी रात फूटा ‘पावर’ ब्लास्ट! सड़क पर उतरे सैकड़ों लोग, पुलिस के छूटे पसीने

मुजफ्फरनगर में अघोषित बिजली कटौती के खिलाफ महावीर चौक पर आधी रात जमकर बवाल हुआ। आक्रोशित सैकड़ों लोगों ने जाम लगाकर नारेबाजी की। मौके पर भारी पुलिस फोर्स पहुंची, लेकिन विद्युत विभाग का कोई अफसर नहीं आया। जानिए क्या है पूरी जमीनी हकीकत।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 17 July 2026, 9:18 AM IST

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में अघोषित बिजली कटौती और भीषण गर्मी के दोहरे टॉर्चर से तंग आकर आखिरकार स्थानीय जनता के सब्र का बांध टूट गया। गुरुवार की देर रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के कई मोहल्लों में पिछले दो-तीन दिनों से जारी घंटों की बिजली कटौती के खिलाफ सैकड़ों आक्रोशित लोग सड़कों पर उतर आए। देखते ही देखते आक्रोशित भीड़ ने शहर के व्यस्ततम महावीर चौक पर 'महाजाम' लगा दिया और विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर हुंकार भरी।

सड़कों पर उतरी पुलिस, नदारद रहे बिजली विभाग के जिम्मेदार

हंगामे और चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एएसपी सिद्धार्थ के मिश्रा कई थानों की भारी पुलिस फोर्स के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने सड़क पर बैठकर नारेबाजी कर रही गुस्साई भीड़ को समझाने और शांत कराने का काफी प्रयास किया। लेकिन चौंकाने वाली बात यह रही कि इस पूरे बवाल के दौरान घंटों तक विद्युत विभाग का कोई भी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी मौके पर सुध लेने नहीं पहुंचा।

यह बी पढ़ें-गर्मी से तड़पते यूपी वालों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, शनिवार से शुरू होगा आसमानी आफत का तांडव, जानें किन जिलों में अलर्ट

फाल्ट और ओवरलोड के जाल में फंसा पूरा शहर

सूत्रों के मुताबिक, पारा चढ़ने के साथ ही शहर में बिजली की मांग अत्यधिक बढ़ गई है। भीषण ओवरलोडिंग के कारण जगह-जगह लगे ट्रांसफार्मरों और बिजली के अन्य उपकरणों में लगातार तकनीकी फाल्ट (दिक्कतें) आ रहे हैं। यही वजह है कि नगर क्षेत्र के कई इलाकों में घंटों तक बिजली पूरी तरह गायब रहती है। इस अव्यवस्था पर बिजली विभाग का कोई भी आला अधिकारी कैमरे के सामने कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।

जब लाइनमैन को बाइक पर बिठाकर लाया परेशान उपभोक्ता

बिजली संकट से जूझ रहे ब्रह्मपुरी-साकेत क्षेत्र के पीड़ित स्थानीय निवासी आलोक कुमार ने अपना दर्द और गुस्सा बयां करते हुए विभाग की पोल खोल दी। उन्होंने बताया कि, "कल रात से हमारे इलाके की बत्ती गुल है। अधिकारी हर बार सिर्फ 'आधा घंटा' बोलकर टाल देते हैं। हद तो तब हो गई जब मालवीय चौक पर जम्पर उड़ने के बाद लाइनमैन को लाने के लिए मुझे खुद अपनी बाइक का इस्तेमाल करना पड़ा। मैं उसे बाइक पर बिठाकर लाया, उसने शटडाउन लिया और काम किया। फिर भी बिजली नहीं आई। कहा गया कि दूसरी जगह का फाल्ट ठीक होने पर आएगी। सुबह 5 बजे केवल 2 मिनट के लिए बिजली आई और फिर चली गई। हम पूरी रात सो नहीं पाए हैं। कल भी पुलिस को बुलाकर हमें चुप करा दिया गया था, आज भी वही तमाशा हो रहा है। कोई जवाब देने वाला नहीं है।"

यह भी पढ़ें-निचलौल में हेडफोन लगाए बाइक सवार की एक गलती पड़ी भारी, युवक पहुंचा जिला अस्पताल

घंटों चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद खुला जाम

सड़क पर डटे लोग बिजली सप्लाई सामान्य करने की मांग पर अड़े रहे। आधी रात के बाद तक चले इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद, प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति सुचारू कराने के कड़े आश्वासन के बाद ही प्रदर्शनकारी शांत हुए और अपने घरों को लौटे।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  17 July 2026, 9:18 AM IST