कोहरे की रातों में अपराधियों की खैर नहीं! 4 थानों पर 250 से ज्यादा संदिग्धों को बुलाया, पुलिस ने क्यों उठाया ये कदम?

सर्दियों और कोहरे से पहले मुजफ्फरनगर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रवात शुरू कर दिया है। नगर के चार थानों में 250 से ज्यादा ऐसे लोगों को बुलाया गया, जिनका नाम पहले आपराधिक मामलों में सामने आ चुका है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 October 2026, 6:50 PM IST

Muzaffarnagar: सर्दियों की दस्तक के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में पुलिस ने अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी तेज कर दी है। कोहरे और अंधेरी रातों में चोरी, लूट और दूसरी वारदातों को रोकने के लिए पुलिस ने ‘ऑपरेशन चक्रवात’ शुरू किया है। इस अभियान के तहत नगर के चार थानों में 250 से ज्यादा ऐसे लोगों को बुलाया गया, जिनका नाम पहले चोरी, लूट, डकैती और गोकशी जैसे मामलों में सामने आ चुका है।

चार थानों में जुटे 250 से ज्यादा लोग

पुलिस ने गुरुवार को नगर के चार थानों में ऑपरेशन चक्रवात चलाया। इस दौरान पहले आपराधिक मामलों में शामिल रहे 250 से अधिक लोगों को थाने बुलाया गया। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें भविष्य में अपराध से दूर रहने की शपथ दिलाई और कानून का पालन करने की हिदायत दी।

इस अभियान का मकसद केवल लोगों को चेतावनी देना नहीं है, बल्कि सर्दियों में होने वाली वारदातों पर पहले से नजर रखना भी है। कोहरे के कारण रात में सड़कों पर दृश्यता कम हो जाती है। ऐसे में पुलिस चोरी, लूट और घरों में सेंधमारी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए अपनी तैयारी मजबूत करना चाहती है।

पुलिस तैयार कर रही अपराधियों का अपडेटेड रिकॉर्ड

ऑपरेशन चक्रवात के तहत पुलिस थाने बुलाए गए लोगों से डोजियर भी भरवा रही है। इसके जरिए उनकी मौजूदा जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पुलिस के पास उनका अपडेटेड रिकॉर्ड रहे। वे अब कहां रहते हैं, क्या काम करते हैं और क्या किसी आपराधिक गिरोह से जुड़े हैं, इन पहलुओं की जानकारी जुटाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

ये भी पढ़ें- कासगंज में त्योहारों पर ट्रैफिक व्यवस्था सख्त, शहर के 19 प्रमुख चौराहों और संकरी गलियों में पुलिस बल तैनात

पुलिस इस जानकारी का इस्तेमाल निगरानी और अपराध रोकने की रणनीति बनाने में करना चाहती है। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के जरिए ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ही उन्हें अपराध से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

पुराने मामलों से तलाशे जा रहे अपराध के हॉटस्पॉट

पुलिस केवल लोगों का रिकॉर्ड जुटाने तक सीमित नहीं है। पिछले चार से पांच वर्षों में चोरी और छिनैती से जुड़ी घटनाओं का भी विश्लेषण किया जा रहा है। इसका मकसद उन इलाकों और समय की पहचान करना है, जहां ऐसी वारदातें ज्यादा हुई हैं।

इन जानकारियों के आधार पर रात की गश्त और पेट्रोलिंग को बेहतर बनाने की योजना है, ताकि संवेदनशील इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई जा सके और आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा मिले।

ये भी पढ़ें- झांसी में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन: वंदना स्वीट्स, बीकानेर वाला और चेलाराम स्वीट्स पर मारा छापा

एसपी सिटी ने बताया अभियान का मकसद

मुजफ्फरनगर के एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में सिटी जोन के थानों में यह अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सर्दियों और कोहरे के दौरान चोरी, लूट और सेंधमारी जैसी घटनाओं को रोकना इसका प्रमुख उद्देश्य है। पुलिस के मुताबिक, ऑपरेशन चक्रवात आगे भी जारी रहेगा।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  29 October 2026, 6:50 PM IST