Muzaffarnagar: नाबालिग से गैंगरेप मामले में बड़ा खुलासा, डॉक्टर समेत 5 आरोपी गिरफ्तार; जांच में खुलेंगे बड़े राज

एक नाबालिग युवती के साथ कथित अत्याचार के मामले ने मुजफ्फरनगर में हड़कंप मचा दिया है। आरोपों की जांच में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए कई आरोपियों को शिकंजे में लिया है। मामले में अब तक पांच गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि पुलिस पूरे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 28 August 2026, 6:47 AM IST

Muzaffarnagar: जिले में 17 वर्षीय नाबालिग दलित युवती के साथ कथित गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

मामले का खुलासा तब हुआ जब 17 अगस्त को युवती को साजिश के तहत घर से बुलाया गया और कथित तौर पर चार दिनों तक बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। परिजनों की शिकायत पर नगर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने करीब 600 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद 21 अगस्त को युवती को सकुशल बरामद कर लिया था।

नाबालिग से गैंगरेप मामले में आरोपी गिरफ्तार

आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, मामले में मुख्य आरोपी नाजिम को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा डॉक्टर मोहम्मद आदिल समेत अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की गई। गुरुवार को पुलिस ने डॉक्टर इरशाद अली उर्फ डॉक्टर सम्राट को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

आरोप है कि युवती को ब्लैकमेल कर कई महीनों तक उसका शोषण किया गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि करीब चार महीने पहले इलाज के दौरान आरोपी डॉक्टर आदिल ने युवती का वीडियो बनाकर उसे धमकाया और बाद में उसे अलग-अलग जगहों पर ले जाकर उसके साथ अत्याचार किया गया। परिवार का आरोप है कि सम्राट इंटर कॉलेज में भी युवती को ले जाया जाता था।

इस मामले को लेकर राजनीतिक हलचल भी तेज हुई थी। 23 अगस्त को मुजफ्फरनगर के रामलीला टीले पर पंचायत आयोजित की गई थी, जिसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, यूपी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल और अन्य लोग शामिल हुए थे। पंचायत में पुलिस से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई थी।

पॉक्सो एक्ट में कार्रवाई शुरू

यूपी सरकार के मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि मामले में दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि आरोपियों पर पॉक्सो एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि आरोपी डॉक्टर सम्राट की संपत्ति और उसके संस्थानों की जांच कराई जाएगी।

पीड़िता की मां सीएम से लगाई गुहार

वहीं, पीड़िता की मां ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सभी आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि आरोपी धमकी देकर बेटी को चुप रहने के लिए मजबूर करते थे।

पुलिस का बयान

एसपी सिटी अमृत जैन ने बताया कि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पीड़िता को बरामद किया और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी की गई। उन्होंने कहा कि मामले में संगठित अपराध की धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों द्वारा अपराध से अर्जित संपत्ति पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  28 August 2026, 6:44 AM IST