मुजफ्फरनगर में खेत से 8 फीट तक मिट्टी गायब! पड़ोसी किसान ने खनन विभाग से की शिकायत

मुजफ्फरनगर में खेत से भारी मात्रा में मिट्टी उठाए जाने के आरोप ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। पड़ोसी किसान ने शिकायत में कुछ ऐसे सवाल उठाए हैं, जिन पर अब खनन विभाग की जांच का इंतजार है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 November 2026, 6:52 PM IST

Muzaffarnagar News: मुजफ्फरनगर में खेत से करीब 8 फीट गहराई तक मिट्टी उठाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक खेत से बड़े पैमाने पर मिट्टी निकाले जाने के कारण पड़ोसी किसान की जमीन को नुकसान पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है। पीड़ित किसान ने सरकारी चकरोड को भी क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप लगाया है। मामले को लेकर किसान ने जिला खनन अधिकारी से लिखित शिकायत कर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

पड़ोसी खेत से मिट्टी उठाने का आरोप

मामला मुजफ्फरनगर की सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम नया गांव मंधेड़ा का है। यहां के किसान संजीव कुमार पुत्र रणधीर ने आरोप लगाया है कि उनके खेत के बराबर में स्थित हरेंद्र कुमार के खेत से करीब 8 फीट गहराई तक मिट्टी उठाई गई है। किसान का कहना है कि इतनी गहराई तक मिट्टी निकाले जाने से उनके खेत को नुकसान पहुंच रहा है।

शिकायत में सरकारी चकरोड को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित किसान ने अपनी सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की है। उनका कहना है कि खेत की मेड़ पर चलते समय अधिक गहराई के कारण दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।

मुजफ्फरनगर में खेत से 8 फीट तक मिट्टी गायब (image: dynamite news)

19 नवंबर को खनन अधिकारी को सौंपी शिकायत

इस मामले में संजीव कुमार ने 19 नवंबर 2026 को जिला खनन अधिकारी, मुजफ्फरनगर को लिखित शिकायत सौंपी है। उन्होंने पूरे प्रकरण की जांच कराने और संबंधित खेत मालिक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

किसान ने शिकायत के माध्यम से मिट्टी उठाए जाने और सरकारी चकरोड को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की जांच कराने की मांग उठाई है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

मिट्टी उठाने की अनुमति पर उठाए सवाल

मामले में अब सवाल उठ रहा है कि खेत से करीब 8 फीट गहराई तक मिट्टी उठाने की अनुमति किस आधार पर दी गई। क्या मिट्टी निकालने के दौरान निर्धारित नियमों का पालन किया गया और क्या सरकारी चकरोड को नुकसान पहुंचाने के आरोपों की भी जांच होगी?

फिलहाल पीड़ित किसान ने मीडिया के माध्यम से जिला प्रशासन और खनन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर जांच कराने और उचित कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि शिकायत के बाद संबंधित विभाग इस मामले में क्या कदम उठाता है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  19 November 2026, 6:52 PM IST