
मुजफ्फरनगर के गौसेवक निशु (फोटो: डाइनामाइट न्यूज)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में गौसेवक निशु अपनी अनोखी सेवा और समर्पण के कारण लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले तीन महीने से नंगे पैर रहकर गौसेवा कर रहे हैं। साथ ही बेसहारा और मृत गौवंश के अंतिम संस्कार के लिए अलग से जमीन उपलब्ध कराने की मांग भी लगातार उठा रहे हैं। निशु का कहना है कि जब तक उनकी यह मांग पूरी नहीं होगी, तब तक वह अपनी सेवा इसी तरह जारी रखेंगे।
जानकारी के अनुसार, नई मंडी थाना क्षेत्र में दिल्ली-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर देर रात करीब 12:30 बजे एक बछड़ा अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने पर गौसेवक निशु तुरंत मौके पर पहुंचे। मौके पर घायल बछड़े को अस्पताल या गौशाला पहुंचाने के लिए कोई वाहन उपलब्ध नहीं था। ऐसे में निशु ने बिना समय गंवाए बछड़े को अपनी बाइक पर बैठाया और उसे सुरक्षित गौशाला पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू कराया गया।
यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: कांवड़ को छूने की कीमत इतनी भारी पड़ेगी, किसी ने सोचा भी नहीं… फिर सड़क पर मच गया बवाल
निशु का कहना है कि जिले में बेसहारा और मृत गौवंश के अंतिम संस्कार के लिए उचित व्यवस्था नहीं है। इसी कारण वह लंबे समय से इसके लिए अलग भूमि उपलब्ध कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में मुख्यमंत्री, जिलाधिकारी और कई जनप्रतिनिधियों को पत्र भेजकर समस्या से अवगत कराया गया है।
गौसेवक निशु का आरोप है कि उन्हें कई बार आश्वासन तो मिले, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उनका कहना है कि यदि अंतिम संस्कार के लिए अलग जमीन उपलब्ध हो जाए तो गौवंश के सम्मानजनक अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा सकती है।
यहां भी पढ़ें: Muzaffarnagar: किसान दिवस में हंगामा, ट्रांसफॉर्मर बदलने के लिए JE ने मांगे पैसे? जानिए पूरा मामला
प्रशासनिक स्तर पर समाधान नहीं मिलने के बावजूद निशु लगातार गौसेवा में जुटे हुए हैं। घायल और बेसहारा गौवंश की मदद के लिए वह हर समय तैयार रहते हैं। स्थानीय लोग भी उनके इस प्रयास और समर्पण की सराहना कर रहे हैं।
Location : Muzaffarnagar
Published : 17 July 2026, 3:48 PM IST