
गौकशी के आरोपी से आधी रात पुलिस की मुठभेड़
Muzaffarnagar: जनपद के बुढ़ाना में गौकशी के मामले में फरार चल रहे आरोपी से पुलिस की शनिवार को मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दिलशाद पुत्र मंजूर निवासी पत्थरगढ़, थाना सनौली, जिला पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई है।
दरअसल, 10 अक्टूबर को बुढ़ाना पुलिस को सूचना मिली थी कि बसी रोड से चंदेड़ी रोड की तरफ जंगल में दो व्यक्ति गौकशी करने वाले हैं। पुलिस मौके पर पहुंची तो आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इस दौरान पुलिस ने दिलावर नाम के आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया था, जबकि उसका साथी दिलशाद मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी की तलाश लगातार की जा रही थी। इसी दौरान देर रात मुखबिर से सूचना मिली कि दिलशाद मदीनपुर के जंगल में छिपा हुआ है और वहां से भागने की फिराक में है। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने जब संदिग्ध को रुकने का इशारा किया तो वह वापस मुड़कर भागने लगा और ईख के खेत में घुसकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस का दावा है कि जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ बुढ़ाना थाने में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और गौकशी से संबंधित धाराओं में पहले भी मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुढ़ाना पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Muzaffarnagar
Published : 11 October 2026, 5:56 AM IST