हिंदी
प्रतीकात्मक छवि
Lucknow: उत्तर प्रदेश में बढ़ती हत्या की घटनाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने शनिवार को आयोजित कानून व्यवस्था समीक्षा बैठक में अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में हुई वारदातों का संज्ञान लेते हुए पुलिस अधिकारियों की कार्यशैली पर नाराजगी जताई।
लखनऊ में भाजपा नेता और एक बिल्डर की हत्या के मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभूति खंड के एसीपी विनय द्विवेदी और इंस्पेक्टर अमर सिंह को उनके पद से हटा दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में हाल ही में हुई दो हत्या की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस अधिकारियों को तत्काल मामलों का खुलासा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हिस्ट्रीशीटरों और अपराधियों की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों को फटकार लगाई। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में जवाबदेही तय करने और सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
सीएम ने गाजीपुर में हुई घटनाओं पर असंतोष व्यक्त किया। वहीं हमीरपुर में निर्माणाधीन पुल गिरने के बाद पुलिस अधिकारियों की सार्वजनिक बयानबाजी को लेकर भी कड़ी हिदायत दी और संवेदनशील मामलों में जिम्मेदारी से व्यवहार करने को कहा।
मुख्यमंत्री ने उन जिलों के पुलिस अधिकारियों को भी चेतावनी दी, जहां हाल के दिनों में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिशें हुई थीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक में शासन, पुलिस कमिश्नरेट, जोन, रेंज और जिला स्तर के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। बैठक में अपराध नियंत्रण और कानून व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए।
Location : Lucknow
Published : 31 May 2026, 1:39 PM IST
Topics : CM Yogi Adityanath Ghaziabad Murder Lucknow murder case UP law and order Uttar Pradesh Crime Control