Agra-Lucknow Expressway पर तेज रफ्तार कार का फटा टायर, बच्ची की मौत; मां के बारे में जानकर हैरान होंगे आप

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार कार का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। कार डिवाइडर तोड़कर दूसरी लेन में पलट गई, जिसमें 8 माह की मासूम बच्ची की मौत हो गई जबकि माता-पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 28 May 2026, 3:53 PM IST

Agra : आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर गुरुवार दोपहर एक खुशहाल सफर कुछ ही सेकंड में मातम में बदल गया। तेज रफ्तार कार का अचानक टायर फटते ही वाहन बेकाबू होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पलटा। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 8 माह की मासूम बच्ची ने अस्पताल पहुंचते ही दम तोड़ दिया। वहीं उसके माता-पिता जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

दिल्ली लौट रहा था परिवार

पुलिस के मुताबिक आगरा के न्यू आगरा थाना क्षेत्र स्थित ओम सांई रेजिडेंसी अमर बिहार निवासी निशांत वशिष्ठ अपनी पत्नी वैष्णवी, 8 माह की बेटी यति और रिश्तेदार आकांक्षा के साथ मैनपुरी से दिल्ली लौट रहे थे। गुरुवार दोपहर करीब 12:10 बजे उनकी कार फतेहाबाद क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 22.500 पर पहुंची थी।

ताजमहल दौरे के दौरान अचानक क्यों रोका गया पर्यटकों का प्रवेश? अमेरिकी विदेश मंत्री के आगमन से आगरा में मचा हड़कंप

टायर फटते ही बेकाबू हुई कार

बताया जा रहा है कि अचानक कार का अगला टायर फट गया। तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार डिवाइडर से टकराकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन दूसरी लेन में पहुंचकर पलट गया। हादसे के दौरान कार में बैठी वैष्णवी बाहर उछलकर करीब 25 फीट गहरी खाई में जा गिरीं।

मासूम की मौत, माता-पिता गंभीर

हादसे में निशांत, वैष्णवी और मासूम यति गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि आकांक्षा को मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा टीम मौके पर पहुंची और सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फतेहाबाद पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने 8 माह की बच्ची यति को मृत घोषित कर दिया। वहीं निशांत और वैष्णवी की हालत गंभीर होने पर उन्हें SN Medical College रेफर किया गया।

हादसे के बाद मचा कोहराम

मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। एक्सप्रेसवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Location :  Agra

Published :  28 May 2026, 3:28 PM IST