इटावा में मां-बेटी हत्याकांड: कोर्ट के ऑर्डर ने था नाराज, इसलिए दोनों को ही मार डाला, पढ़ें सनसनीखेज खुलासा

इटावा के भरथना थाना क्षेत्र में मां-बेटी की सनसनीखेज हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, महिला के पति ने तलाक और भरण-पोषण के पैसे से नाराज होकर दोस्त के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची थी। आरोपी ने पहले दोनों को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाई और फिर हाथ-पैर बांधकर वारदात को अंजाम दिया।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 17 August 2026, 9:02 PM IST

Etawah News: इटावा में मां-बेटी की गला रेतकर हत्या के मामले ने पूरे इलाके को दहला दिया था। अब पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात के पीछे कोई बाहरी नहीं बल्कि महिला का पति ही मास्टरमाइंड था। पुलिस के मुताबिक, पति सत्येंद्र कुमार ने अपने दोस्त मुकेश यादव के साथ मिलकर पत्नी मंजू देवी और सास पुष्पा यादव की हत्या की साजिश रची थी। दोनों ने पहले मां-बेटी को नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर बेहोश किया और फिर हाथ-पैर बांधकर उनकी बेरहमी से हत्या कर दी। इस मामले में मुख्य आरोपी सत्येंद्र अभी फरार है।

दूधवाले ने खोला हत्या का राज

यह पूरा मामला भरथना थाना क्षेत्र के चंदेठी गांव का है। सोमवार सुबह करीब 8 बजे दूध देने वाला राजीव जब सुरेश चंद्र के घर पहुंचा तो काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका होने पर उसने पीछे की खिड़की से अंदर झांककर देखा तो उसके होश उड़ गए। आंगन में पुष्पा यादव का शव पड़ा था, जबकि कमरे में चारपाई पर उनकी बेटी मंजू देवी की लाश थी। कमरे में खून से सनी दरांती पड़ी हुई थी और फर्श पर खून के निशान कमरे से आंगन तक दिखाई दे रहे थे। इसके बाद राजीव ने तुरंत परिवार और पुलिस को सूचना दी।

तलाक और 7 हजार रुपये भरण-पोषण बना हत्या की वजह

एसएसपी बृजेश कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मंजू देवी और उसके पति सत्येंद्र के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। दोनों का तलाक का मुकदमा इटावा न्यायालय में विचाराधीन था। पुलिस के अनुसार, 3 अगस्त को कोर्ट ने सत्येंद्र को पत्नी मंजू देवी को हर महीने 7 हजार रुपये भरण-पोषण देने का आदेश दिया था। इसी बात से नाराज होकर सत्येंद्र ने पत्नी और सास की हत्या की साजिश रची। मंजू की शादी साल 2021 में मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र कुमार उर्फ करिया से हुई थी। विवाद के बाद वह अपनी मां के साथ मायके में रह रही थी।

नशीली कोल्ड ड्रिंक पिलाकर किया हमला

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी मुकेश यादव ने पूरी वारदात का खुलासा किया। उसके मुताबिक, 15 अगस्त को वह चंदेठी गांव के बाहर सत्येंद्र से मिला था। सत्येंद्र के कहने पर मुकेश तीन छोटी कोल्ड ड्रिंक की बोतलें लेकर पहुंचा था। इनमें से दो बोतलों में नशीला पदार्थ मिलाया गया था। इसके बाद मुकेश मंजू के घर पहुंचा और दोनों महिलाओं को वह कोल्ड ड्रिंक पिला दी। कुछ देर बाद दोनों महिलाएं बेहोश हो गई। इसके बाद हत्या की साजिश को अंजाम दिया गया।

दुपट्टे से बांधे हाथ-पैर, फिर रेता गला

एसएसपी के मुताबिक, अंधेरा होने के बाद सत्येंद्र घर के पीछे वाले रास्ते से अंदर पहुंचा। उसके पास चाकू और दुपट्टे थे। सत्येंद्र और मुकेश ने पहले दोनों महिलाओं के हाथ-पैर दुपट्टे से बांध दिए। इसके बाद मुकेश ने पुष्पा के पैर पकड़े और सत्येंद्र ने चाकू से उनका गला रेत दिया। इसके बाद सत्येंद्र ने मौके पर पड़ी दरांती से अपनी पत्नी मंजू की भी हत्या कर दी। वारदात के बाद सत्येंद्र ने मुकेश को फरार होने के लिए ढाई लाख रुपये दिए और खुद भी फरार हो गया।

चार घंटे में पुलिस ने आरोपी को पकड़ा

घटना के बाद एसएसपी ने एसओजी, सर्विलांस और भरथना पुलिस की कई टीमें गठित कीं। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन के आधार पर जांच शुरू की।पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी मुकेश यादव जारपुरा से साम्हों की ओर जा रहा है। पुलिस ने रास्ते में घेराबंदी की। जब लाल रंग की स्कूटी से आ रहे मुकेश को रोकने की कोशिश की गई तो उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।

पुलिस मुठभेड़ में पैर में लगी गोली

पुलिस के मुताबिक, जवाबी कार्रवाई में मुकेश के पैर में गोली लगी। इसके बाद उसे घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अब मुख्य आरोपी पति सत्येंद्र की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Location :  Etawah

Published :  17 August 2026, 9:02 PM IST