International Mother Day पर यूपी में बेटे ने मां को गोलियों से भून डाला, आखिर ऐसा क्या हुआ था? भाई को भी नहीं छोड़ा

उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के बबेरु थाना क्षेत्र में पुस्तैनी जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि राजकिशोर गुप्ता ने अपनी मां और छोटे भाई को गोली मार दी, जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 11 May 2026, 3:43 AM IST

Banda News: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुस्तैनी जमीन के विवाद ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया। बबेरु थाना क्षेत्र में एक बेटे ने अपनी ही मां और छोटे भाई को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी राजकिशोर गुप्ता का परिवार में लंबे समय से पुस्तैनी जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने रविवार को इतना भयावह रूप ले लिया कि आरोपी ने घर के अंदर ही फायरिंग शुरू कर दी।

गोली लगते ही जमीन पर गिरे मां और भाई

बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान राजकिशोर गुप्ता ने गुस्से में आकर अपनी मां और छोटे भाई को निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। परिवार के लोग और आसपास के ग्रामीण आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बबेरु लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए।

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिवार में जमीन बेचने को लेकर काफी समय से तनाव बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी घटना के बाद मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

आरोपी की तलाश में चार टीमें गठित

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में छापेमारी कर रही है और आरोपी के संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Location :  Banda

Published :  11 May 2026, 3:43 AM IST