कानपुर इरफान सोलंकी विवाद में नया मोड़, विधायक नसीम सोलंकी बोलीं- हमारी जान को खतरा, मंडी संचालक गेट बंद कर…

कानपुर की चमनगंज बकरा मंडी में हुए विवाद पर सपा विधायक नसीम सोलंकी ने मंडी संचालक वफा अब्बास पर माहौल बिगाड़ने और अवैध वसूली कराने के आरोप लगाए हैं। वहीं वफा अब्बास ने इरफान सोलंकी पर रंगदारी और मारपीट का केस दर्ज कराया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 29 May 2026, 1:27 PM IST
google-preferred

Kanpur : चमनगंज स्थित बकरा मंडी में हुए विवाद ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। सीसामऊ विधायक नसीम सोलंकी ने मंडी संचालक वफा अब्बास पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पूरे मामले के बाद पुलिस भी एक्शन मोड में आ गई है।

विधायक ने बताया कि मंडी में अवैध वसूली की शिकायत मिलने पर वह अपने पति इरफान सोलंकी और गनर के साथ मौके पर पहुंची थीं, लेकिन वहां पहले से माहौल बिगाड़ने की तैयारी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि वफा अब्बास ने 100 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा कर गेट बंद करवाए और विवाद खड़ा किया। वहीं दूसरी तरफ वफा अब्बास ने इरफान सोलंकी पर रंगदारी, मारपीट और लूट के आरोप लगाए हैं।

‘बकरा ले जाने पर हो रही थी वसूली’

विधायक नसीम सोलंकी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मंडी में एक बकरा ले जाने पर 500 रुपए और एंट्री फीस के नाम पर 100 रुपए वसूले जा रहे थे। उन्होंने कहा कि वहां किसी तरह का अधिकृत मेला नहीं लगा था, फिर भी लोगों से जबरन पैसे लिए जा रहे थे। इसी शिकायत की सच्चाई जानने के लिए वह अपने पति इरफान सोलंकी और गनर के साथ पहुंची थीं।

नसीम सोलंकी ने बताया कि भीड़ ज्यादा होने की वजह से वह कार में ही बैठी रहीं, जबकि इरफान सोलंकी, उनका बेटा मुस्तफा, गनर अजीम अहमद और अन्य लोग मंडी के अंदर गए थे। कुछ देर बाद बेटे का फोन आया कि वहां विवाद बढ़ गया है और उन्हें मौके पर नहीं आना चाहिए।

कानपुर में तीन दिन के अंदर नवविवाहिता समेत दो युवतियों ने की आत्महत्या, इलाके में सनसनी

‘150 लोगों को इकट्ठा कर माहौल बिगाड़ा’

विधायक ने आरोप लगाया कि मंडी संचालक वफा अब्बास ने जानबूझकर माहौल खराब किया। उनके मुताबिक, इरफान सोलंकी को पहचानने के बावजूद वफा अब्बास ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और वहां मौजूद लोगों को भड़काया। उन्होंने कहा कि देखते ही देखते 100 से 150 लोग जमा हो गए और नारेबाजी शुरू हो गई।

नसीम सोलंकी ने कहा कि मंडी के गेट बंद करवाए गए और धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि आखिर गेट बंद कराकर वफा अब्बास क्या करना चाहता था। विधायक ने कहा कि उन्हें और उनके पति की जान को खतरा महसूस हुआ।

रंगदारी और लूट के आरोपों को बताया झूठा

दरअसल, मंडी संचालक वफा अब्बास ने इरफान सोलंकी पर तीन लाख रुपए की रंगदारी मांगने, मारपीट करने और गनर द्वारा 2.70 लाख रुपए लूटने का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।

हालांकि नसीम सोलंकी ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने कहा कि “एक पुलिसवाला पैसे छीनेगा, यह सोचकर भी शर्म आनी चाहिए।” विधायक ने कहा कि उनके परिवार की छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है।

गनर सस्पेंड, पुलिस जांच में जुटी

मामले के बाद पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने विधायक के गनर अजीम अहमद को सस्पेंड कर दिया है। पुलिस कमिश्नर का कहना है कि गनर को विधायक की सुरक्षा में रहना चाहिए था लेकिन उसने मंडी परिसर में जाकर ड्यूटी में लापरवाही बरती।

Location :  Kanpur

Published :  29 May 2026, 1:22 PM IST

Advertisement