
बीवी से मारपीट करते हुए गुड्डू पंडित का वीडियो वायरल (Image: Social Media)
Bulandshahr News: बुलंदशहर में पूर्व विधायक नेता गुड्डू पंडित को लेकर एक वीडियो सामने आने के बाद विवाद बढ़ गया है। वीडियो में कथित तौर पर गुड्डू पंडित अपनी तीसरी पत्नी अर्चना पांडा के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में वह अर्चना के बाल पकड़कर उन्हें फर्श पर घसीटते दिखाई देते हैं। वहीं अर्चना भी विरोध करते हुए उन्हें झाड़ू से मारती नजर आ रही हैं। इसके बाद दोनों के बीच काफी देर तक खींचतान होती दिखाई देती है। वीडियो 2 सितंबर का बताया जा रहा है, जो शुक्रवार को सामने आया। मामला बुलंदशहर कलेक्ट्रेट से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित अर्चना पांडा के घर का बताया गया है।
अर्चना पांडा कांग्रेस महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने गुड्डू पंडित के खिलाफ शिकारपुर थाने में शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक जबरन घर में घुसे और उनके साथ मारपीट की। अर्चना ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से 24 घंटे महिला पुलिसकर्मियों की सुरक्षा देने की मांग की है। अर्चना के मुताबिक, वह अपने बेटे समर पंडित के साथ घर में थी। इसी दौरान गुड्डू पंडित अचानक वहां पहुंचे और दरवाजा जोर-जोर से पीटने लगे। दरवाजा खोलने पर उन्होंने कथित तौर पर धक्का दिया, जिससे वह फर्श पर गिर गई। इसके बाद मारपीट की गई।
अर्चना का आरोप है कि उनकी चीख सुनकर घर का नौकर मौके पर पहुंचा और मोबाइल से पूरी घटना रिकॉर्ड करने लगा। वीडियो बनता देखकर गुड्डू पंडित पीछे हट गए। इसके बाद अर्चना किसी तरह घर से निकलकर सड़क की तरफ भागीं और पुलिस को फोन किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें और उनके बेटे को लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।
अर्चना ने शिकायत में कहा कि उनका और गुड्डू पंडित का तलाक का मामला कोर्ट में चल रहा है। उनका आरोप है कि पूर्व विधायक चाहते हैं कि वह तलाक का केस वापस ले लें और इसी वजह से उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है।
मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है। पुलिस शिकायत और वीडियो के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों पक्षों के आरोपों और पुलिस जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ हो सकेगी।
Location : Bulandshahr News
Published : 4 September 2026, 6:17 PM IST